
अमरोहा। यूपी के अमरोहा से कुंवर दानिश अली चुनाव लड़ रहे हैं। दानिश अली 2019 में अमरोहा सीट से बीएसपी के टिकट पर लोकसभा चुनाव जीते थे। बीते दिनों बीएसपी ने पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप लगाकर दानिश अली को अपने यहां से निकाल दिया था। जिसके बाद दानिश अली कांग्रेस में चले गए। कांग्रेस ने दानिश अली को अमरोहा सीट से लोकसभा चुनाव का टिकट दिया, लेकिन दानिश अली को प्रत्याशी घोषित किए जाने के साथ ही कांग्रेस के अलावा समाजवादी पार्टी यानी सपा के कार्यकर्ता भी खूब नाराज दिख रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक दानिश अली को अमरोहा से टिकट दिए जाने के खिलाफ समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता भी भड़के हैं। सपा कार्यकर्ताओं ने अमरोहा में पार्टी के दफ्तर में इकट्ठा होकर कुंवर दानिश अली को प्रत्याशी बनाए जाने का जमकर विरोध किया। यूपी में सपा ने कांग्रेस को 17 लोकसभा सीटें दी हैं। इन सीटों में अमरोहा भी है। वीडियो में देखिए किस तरह सपा कार्यकर्ताओं ने दानिश अली के खिलाफ आवाज उठाई है।
कांग्रेस-सपा प्रत्याशी कुंवर दानिश अली का विरोध।
अमरोहा लोकसभा से कांग्रेस और सपा के संयुक्त प्रत्याशी कुंवर दानिश अली का अमरोहा में सपा कार्यालय पर विरोध देखने को मिला।
रिपोर्ट: मरग़ूब हुसैन @airnews_lucknow pic.twitter.com/zS5xgdhj2s
— आकाशवाणी समाचार (@AIRNewsHindi) March 28, 2024
इससे पहले बुधवार को कांग्रेस के तमाम कार्यकर्ता अमरोहा से दिल्ली में पार्टी के मुख्यालय पहुंचे थे। कांग्रेस के इन कार्यकर्ताओं ने दानिश अली को प्रत्याशी बनाए जाने का विरोध किया था। दानिश अली के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं में बड़ी तादाद में महिलाएं भी थीं। इनका कहना था कि दानिश अली को प्रत्याशी बनाए जाने से कांग्रेस को नुकसान होगा।
अब जिस तरह दानिश अली का अमरोहा में कांग्रेस के साथ ही सपा के कार्यकर्ता भी विरोध कर रहे हैं, उससे पार्टी के लिए दिक्कत खड़ी हो सकती है। सबकी नजर अब इस पर है कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी किस तरह अपने भड़के कार्यकर्ताओं को समझाती हैं। बता दें कि दानिश अली अपने बयानों की वजह से कई बार चर्चा में रहे हैं। पिछले साल एक कार्यक्रम में भारत माता की जय का नारा लगने पर भी वो भड़के थे और वहां लोगों से उनकी बहस भी हुई थी। महुआ मोइत्रा के मामले में भी मोदी सरकार पर निशाना साधकर दानिश अली चर्चा में आए थे।