newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Doctors Strike: पूरे देश में हड़ताल पर डॉक्टर, NEET-PG काउंसिलिंग रोकने से नाराज होकर उठाया कदम

कोर्ट ने केंद्र सरकार को गरीब श्रेणी के लिए 8 लाख रुपए की वार्षिक आय सीमा पर फिर से विचार करने के लिए कहा है। फोर्डा ने इस पर अपनी नाराजगी जताते हुए कहा है कि पहले से ही बोझ से दबे और थके हुए रेजिडेंट डॉक्टर हैं, जो कोरोना महामारी की शुरुआत से फ्रंट लाइन पर लड़ रहे हैं।

नई दिल्ली। नीट-पीजी काउंसिलिंग पर रोक लगने से नाराज देशभर के रेजिडेंट डॉक्टर आज हड़ताल पर हैं। इससे स्वास्थ्य सेवाएं चरमराने का अंदेशा है। बता दें कि नीट-पीजी की काउंसिलिंग पर 4 हफ्ते की रोक लगाई गई है। ऐसा ईडब्ल्यूएस यानी गरीबी की सीमा 8 लाख तय करने पर सुप्रीम कोर्ट की नाराजगी के बाद केंद्र ने किया है। सीमा को बढ़ाने का फैसला 4 हफ्ते में होगा। तब तक काउंसिलिंग टाली गई है। फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन FORDA ने इसी के विरोध में हड़ताल का आह्वान किया है। फोर्डा ने अपनी घोषणा में देशभर के डॉक्टरों को शनिवार से ओपीडी सेवाओं से दूर रहने के लिए कहा है। फोर्डा की ओर से कहा गया है कि हम इस मामले में सुप्रीम कोर्ट से पॉजिटिव रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं। सुप्रीमकोर्ट नीट परीक्षा में ओबीसी के लिए 27 फीसदी और EWS के लिए 10 फीसदी आरक्षण देने के केंद्र सरकार और काउंसिलिंग समिति के फैसले के खिलाफ अर्जी पर सुनवाई कर रहा है।

doctors stike

कोर्ट ने केंद्र सरकार को गरीब श्रेणी के लिए 8 लाख रुपए की वार्षिक आय सीमा पर फिर से विचार करने के लिए कहा है। फोर्डा ने इस पर अपनी नाराजगी जताते हुए कहा है कि पहले से ही बोझ से दबे और थके हुए रेजिडेंट डॉक्टर हैं, जो कोरोना महामारी की शुरुआत से फ्रंट लाइन पर लड़ रहे हैं। पहले से ही देरी से चल रहे नीट-पीजी के मामले में हम सुप्रीम कोर्ट की कार्यवाही में कुछ सकारात्मक परिणाम के लिए इंतजार कर रहे हैं। बता दें कि अदालत की सुनवाई 6 जनवरी 2022 को तय है।

Mansukh Mandaviya

फोर्डा ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया को लिखी चिट्ठी में कहा है कि अगर कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो हमें अपना विरोध प्रदर्शन तेज करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। रेजिडेंट डॉक्टरों की आज हड़ताल से अस्पतालों में हालात विषम होने के आसार हैं। डॉक्टर अगर आगे भी हड़ताल जारी रखते हैं, तो कोरोना काल में अस्पतालों में आने वाले मरीजों के लिए बड़ी समस्या हो सकती है।