newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Haryana Cabinet Expansion : हरियाणा में नायब सिंह सैनी कैबिनेट का पहला विस्तार, कद्दावर नेता अनिल विज को नहीं मिला मंत्री पद

Haryana Cabinet Expansion : राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने मंत्रिमंडल विस्तार में कुल आठ मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। सबसे पहले विधायक कमल गुप्ता ने संस्कृत में कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण की।

नई दिल्ली। हरियाणा में नायब सिंह सैनी कैबिनेट का आज पहला विस्तार हुआ। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने आठ विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई। खास बात यह रही कि बीजेपी के कद्दावर नेता अनिल विज को इस बार मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किया गया है। अनिल विज इससे मनोहर लाल खट्टर सरकार में गृहमंत्री रह चुके हैं। खट्टर के इस्तीफे के बाद नायब सिंह सैनी को सीएम बनाए जाने के फैसले से अनिल विज नाराज चल रहे हैं और 12 मार्च को सीएम के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में भी शामिल नहीं हुए थे।

हरियाणा मंत्रिमंडल विस्तार में सबसे पहले कमल गुप्ता ने संस्कृत में कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। कमल गुप्ता हिसार से दूसरी बार लगातार विधायक बने हैं, वह मनोहर लाल सरकार में भी मंत्री थे। कमल वैश्य समुदाय से आते हैं और पेशे से डॉक्टर हैं। इसके बाद सीमा त्रिखा ने बतौर मंत्री शपथ ली। इन्हें राज्यमंत्री बनाया गया है। सीमा बड़खल विधानसभा से लगातार दूसरी बार विधायक हैं और खुद ब्राह्मण परिवार से आती हैं। हालांकि, पंजाबी परिवार में उनकी शादी हुई है।

तीसरे नंबर पर महिपाल ढांडा ने मंत्रीपद की शपथ ली। ढांडा पानीपत ग्रामीण से लगातार दूसरी बार विधायक बने हैं और बीजेपी किसान मोर्चा के प्रदेश के अध्यक्ष रह चुके हैं। एबीवीपी में भी लंबे समय तक काम करते हुए छात्र नेता रहे। ढांडा को जाट समाज का प्रमुख चेहरा माना जाता है। चौथे नंबर पर अंबाला शहर से विधायक असीम गोयल को राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार के रूप में शपथ दिलाई गई।

पांचवें नंबर पर डॉ. अभय सिंह यादव को शपथ दिलाई गई। इन्हें राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार बनाया गया है। डॉ. अभय यादव नांगल चौधरी से दूसरी बार विधायक बने हैं। इन्होंने 2014 में आईएएस से इस्तीफा देकर विधानसभा चुनाव चुनाव लड़ा था। इसके बाद संजय सिंह ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। संजय सिंह सोहना विधानसभा में पहली बार चुनाव लड़कर जीते हैं। संजय राजपूत समाज का प्रतिनिधित्व करते हैं। हरियाणा के कुरुक्षेत्र के थानेसर विधानसभा से लगातार दूसरी बार विधायक बने सुभाष सुधा को भी स्वतंत्र प्रभार के तहत मंत्री बनाया गया है। सुधा ने साल 2014 में बीजेपी ज्वाइन की थी।