newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

West Bengal Election 2021: पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा TMC में हुए शामिल, अटल सरकार में रह चुके हैं वित्त मंत्री

West Bengal Election 2021: पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के पूर्व नेता यशवंत सिन्हा आज तृणमूल कांग्रेस (TMC) में शामिल हो गए हैं। उन्होंने टीएमसी का झंडा लहराते हुए ममता बनर्जी की पार्टी का हाथ थाम लिया।

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा होने के बाद से ही राजनीति पारा लगातार बढ़ा हुआ है। इस बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के पूर्व नेता यशवंत सिन्हा (Former BJP leader Yashwant Sinha) शनिवार को तृणमूल कांग्रेस (TMC) में शामिल हो गए हैं। उन्होंने टीएमसी का झंडा लहराते हुए ममता बनर्जी की पार्टी का हाथ थाम लिया। बता दें कि यशवंत सिन्हा काफी दिनों से भाजपा से नाराज चल रहे थे और कई मौकों पर भाजपा सरकार की आलोचना भी करते रहे हैं। आपको बता दें कि यशवंत सिन्हा अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में वित्तमंत्री भी रह चुके हैं। टीएमसी में शामिल होने के बाद यशवंत सिन्हा ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि, प्रजातंत्र की ताकत प्रजातंत्र की संस्थाएं होती हैं। आज लगभग हर संस्था कमजोर हो गई है, उसमें देश की न्यायपालिका भी शामिल है। हमारे देश के लिए ये सबसे बड़ा खतरा पैदा हो गया है।

उन्होंने कहा कि इसमें कोई शक नहीं है कि तृणमूल कांग्रेस बहुत बड़े बहुमत के साथ सत्ता में वापस आएगी। बंगाल से पूरे देश में एक संदेश जाना चाहिए कि जो कुछ मोदी और शाह दिल्ली से चला रहे हैं, अब देश उसको बर्दाश्त नहीं करेगा।

वह तृणमूल कांग्रेस के लोकसभा नेता सुदीप बंदोपाध्याय, राज्यसभा नेता डेरेक ओ ब्रायन और राज्य के पंचायत मंत्री सुब्रत मुखर्जी की उपस्थिति में यहां तृणमूल भवन में अपनी नई पार्टी में शामिल हुए। सुब्रत मुखर्जी ने कहा, “तृणमूल कांग्रेस में यशवंत सिन्हा जैसे शानदार राजनेता को पाकर हम बेहद खुश हैं। आज हम गर्व महसूस कर रहे हैं कि एक तरफ हमारे पास ममता बनर्जी जैसी नेता हैं और दूसरी तरफ हमारे पास यशवंत सिन्हा जैसे वरिष्ठ राजनेता हैं।”