newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Lord Ramlala Arti Darshan: भगवान रामलला की आरती देखना चाहते हैं?, जानिए इसके लिए आपको क्या करना होगा

Lord Ramlala Arti Darshan: राम मंदिर में भगवान रामलला की आरती 4 बार होगी। सुबह 6.30 बजे पहली आरती, दोपहर 12 बजे भोग आरती, शाम 7.30 बजे रामलला की संध्या आरती और रात 8.30 बजे शयन आरती की जाएगी। इन आरती में शामिल होने के लिए मंदिर प्रबंधन ने नियम तैयार किया है।

अयोध्या। प्राण प्रतिष्ठा के बाद आम भक्तों के लिए अयोध्या में भगवान राम के मंदिर को खोल दिया गया है। भगवान रामलला के दर्शन पाने के लिए भक्तों की भारी भीड़ पहले दिन उमड़ी। अब मंदिर में पूजा और आरती के अलावा दर्शन के बारे में ताजा जानकारी आई है। राम मंदिर में भगवान रामलला की आरती 4 बार होगी। सुबह 6.30 बजे पहली आरती, दोपहर 12 बजे भोग आरती, शाम 7.30 बजे रामलला की संध्या आरती और रात 8.30 बजे शयन आरती की जाएगी। आरती में शामिल होना सभी भक्तों के लिए संभव नहीं होगा। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने इसके लिए नियम तैयार किए हैं।

जानकारी के मुताबिक जिन भक्तों को भगवान रामलला की किसी भी आरती में शामिल होना है, वे श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की वेबसाइट www.srjbtkshetra.org से ऑनलाइन पास ले सकते हैं। पास की व्यवस्था इसके अलावा ऑफलाइन भी की गई है। राम मंदिर परिसर के कैंप कार्यालय में ही रामलला की आरती के लिए पास भी दिए जाएंगे। ट्रस्ट ने आरती के लिए पास को मुफ्त रखा है। इसके लिए भक्तों को कोई भी शुल्क नहीं चुकाना होगा। पास लेने वाले भक्त ही राम मंदिर में भगवान रामलला की किसी एक आरती में शामिल होकर उनके दर्शन-पूजन कर सकेंगे। राम मंदिर में भगवान की आज सुबह पहली आरती की गई। देखिए उसका वीडियो।

आरती के अलावा भगवान रामलला के दर्शन के लिए मंदिर परिसर में अभी किसी ऑनलाइन या ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था नहीं की गई है। हालांकि, जिस तरह आज पहले दिन रात 3 बजे से ही रामलला के दर्शन के लिए लोग उमड़े और सड़कें तक जाम हो गईं, अगर वैसा ही माहौल आगे भी बना रहता है, तो निश्चित तौर पर ट्रस्ट को इस बारे में सोचना होगा। भगवान रामलला के मंदिर में ऐसी व्यवस्था की गई है कि भक्तों को बिना किसी दिक्कत के दर्शन हो। यहां पूर्वी सिंहद्वार से प्रवेश और दक्षिण के द्वार से भक्तों को निकालने की व्यवस्था है। गर्भगृह तक पहुंचने के लिए सीढ़ियां हैं, लेकिन बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए रैंप भी बनाए गए हैं। इसके अलावा राम मंदिर परिसर में ही भक्तों के लिए तमाम और व्यवस्थाएं की गई हैं।