newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

शिमला-डलहौजी समेत कई इलाकों में हुई भारी बर्फबारी, तापमान में आई गिरावट

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के नारकंडा समेत और कई इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई है। शिमला के नारकंडा समेत कुफरी, खिड़की, खड़ापत्थर में भी बर्फबारी हुई है।

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के नारकंडा समेत और कई इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई है। शिमला के नारकंडा समेत कुफरी, खिड़की, खड़ापत्थर में भी बर्फबारी हुई है। इसके अलावा कई हिस्सों में हल्की बारिश हुई है। शिमला के कई इलाकों में रातभर बर्फबारी के साथ बारिश हुई जिससे राज्य में ठंड़ और बढ़ गई है। रातभर हुई बर्फबारी के बाद वाहनों की आवाजाही भी बंद कर दी गई है।

shimla snow

इससे पहले शनिवार को मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने आईएएनएस से कहा था कि, “शिमला, कुफरी, चायल और डलहौजी में रात भर बर्फबारी हुई। निचले पहाड़ी इलाकों में बारिश हुई, जिसके कारण कई स्थानों पर न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट आई है।”

shimla snow 2

बता दें कि शनिवार को शिमला में न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस, जबकि कुफरी में शून्य से नीचे 1.6 डिग्री और डलहौजी में 0.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। उनके मुताबिक, शिमला में लगभग छह सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई थी। उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह मनाली के आसपास क्षेत्रों में भारी मात्रा में बर्फबारी हुई थी।

shimla snow 3
वहीं लाहौल और स्पीति जिले के केलांग में शनिवार को न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य की सबसे ठंडी जगह है। किन्नौर जिले के कल्पा में 15 सेंटीमीटर बर्फबारी के साथ न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। निचली पहाड़ियों में बारिश होने के कारण सोलन, सिरमौर, बिलासपुर, हमीरपुर और उना जिलों में शीत लहर की स्थिति बन गई है।

shimla 4
धर्मशाला में 42.2 मिमी बारिश के साथ न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के भीतर राज्य में व्यापक बारिश और बर्फबारी का अनुमान लगाया है।