newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Delhi: जहांगीरपुरी दंगों पर गृहमंत्री अमित शाह का रुख सख्त, दिल्ली पुलिस से कहा- ऐसी कार्रवाई करो कि…

पुलिस ने जहांगीरपुरी में मस्जिद और उससे सटे घरों की छतों की कई बार तलाशी भी ली है। इन्हीं छतों से शोभायात्रा पर पथराव हुआ था। एक अन्य आरोपी शेख हमीद को भी पकड़ा गया है। वो भी कबाड़ी है। उसने उपद्रवियों को हमले के लिए शीशे की बोतलें दी थीं।

नई दिल्ली। जहांगीरपुरी दंगों के मामले में दिल्ली पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी है। एक-एक कर आरोपी दबोचे जा रहे हैं। पुलिस ने सोमवार रात तक 26 लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें दंगा भड़काने का आरोपी अंसार और फायरिंग करने वाला सोनू चिकना उर्फ इमाम उर्फ यूनुस भी हैं। वहीं, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर राकेश अस्थाना से बात की और दंगों के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया। सूत्रों के मुताबिक शाह ने अस्थाना से कहा कि सजा ऐसी दिलाई जाए कि दोबारा दंगा करने से पहले लोग दस बार सोच विचार करें।

Hanuman Shobha Yatra

इस मामले में पुलिस हर तरह के सबूत जुटा रही है। घटना के दिन से ही आरोपियों की धरपकड़ जारी है। हनुमान जयंती के मौके पर जहांगीरपुरी के सी ब्लॉक में जामा मस्जिद के पास जमकर हिंसा हुई थी। उत्तर-पश्चिम दिल्ली की डीसीपी ऊषा रंगनानी के मुताबिक फायरिंग करने वाले सोनू को पकड़ने गई टीम पर उसके घर से पथराव हुआ। यहां से तुरंत एक शख्स को हिरासत में लिया गया है। बताया जा रहा है कि सोनू यहां के बदमाश सलीम उर्फ चिकना का भाई है। सलीम को रविवार को ही पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।

Delhi Police

पुलिस ने जहांगीरपुरी में मस्जिद और उससे सटे घरों की छतों की कई बार तलाशी भी ली है। इन्हीं छतों से शोभायात्रा पर पथराव हुआ था। एक अन्य आरोपी शेख हमीद को भी पकड़ा गया है। वो भी कबाड़ी है। उसने उपद्रवियों को हमले के लिए शीशे की बोतलें दी थीं। फिलहाल कोर्ट के आदेश पर मुख्य आरोपी अंसार और सलीम चिकना दो दिन की पुलिस रिमांड पर हैं। 6 आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं। दूसरी तरफ, हनुमान जयंती पर बिना मंजूरी शोभायात्रा निकालने वालों के खिलाफ भी पुलिस ने केस दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि तीन शोभायात्रा निकली थीं। पहली दो को मंजूरी दी गई थी। तीसरी शोभायात्रा को मंजूरी नहीं मिली थी और उसे निकालने के दौरान ही हिंसा भड़की।