Politics Of Congress: यूपी की रायबरेली और अमेठी सीट से लोकसभा चुनाव में किसे उतारेगी कांग्रेस? ये रहा इस अहम सवाल का जवाब

बीते दिनों सोनिया गांधी ने रायपुर में कांग्रेस महाधिवेशन में कहा भी था कि भारत जोड़ो यात्रा उनकी राजनीतिक पारी का अंतिम पड़ाव हो सकती है। रायबरेली और अमेठी को गांधी परिवार का गढ़ माना जाता रहा है। अमेठी में कांग्रेस 2019 में हारी थी। जबकि, रायबरेली से कांग्रेस 1977, 1996 और 1998 के लोकसभा चुनाव हार गई थी।

Avatar Written by: March 13, 2023 9:53 am
Congress

नई दिल्ली। 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान यूपी की सियासत के बारे में बड़ी खबर है। ये खबर हॉट सीट रायबरेली और अमेठी के बारे में है। सूत्रों के हवाले से खबर है कि रायबरेली और अमेठी से गांधी परिवार के लोग लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। 2019 के लोकसभा चुनाव में रायबरेली की सीट सोनिया गांधी ने जीती थी। वहीं, राहुल गांधी अमेठी की सीट बीजेपी की स्मृति ईरानी के हाथ गंवा बैठे थे। राहुल गांधी अमेठी के अलावा केरल की वायनाड लोकसभा सीट से भी पिछली बार उतरे थे। वायनाड सीट को राहुल गांधी ने जीत लिया था। अब एक बार वो फिर अमेठी से उतरने की तैयारी कर रहे हैं।

congress plenary in raipur
रायपुर में हुए कांग्रेस महाधिवेशन के मंच पर सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ अन्य नेता।

अब बात दूसरी हॉट सीट रायबरेली की करते हैं। सूत्रों के मुताबिक अगले साल लोकसभा चुनाव में यहां से सोनिया गांधी चुनाव नहीं लड़ेंगी। रायबरेली सीट से प्रियंका गांधी वाड्रा के चुनाव लड़ने की बहुत संभावना है। बीते दिनों सोनिया गांधी ने रायपुर में कांग्रेस महाधिवेशन में कहा भी था कि भारत जोड़ो यात्रा उनकी राजनीतिक पारी का अंतिम पड़ाव हो सकती है। रायबरेली और अमेठी को गांधी परिवार का गढ़ माना जाता रहा है। अमेठी में कांग्रेस 2019 में हारी थी। जबकि, रायबरेली से कांग्रेस 1977, 1996 और 1998 के लोकसभा चुनाव हार गई थी।

smriti irani and rahul gandhi

अमेठी में 2019 का लोकसभा चुनाव स्मृति ईरानी जबसे जीती हैं, तभी से कांग्रेस की धुर विरोधी बीजेपी बहुत उत्साह में है। बीजेपी के तमाम नेता लगातार कहते रहे हैं कि इस बार रायबरेली की सीट भी उनकी पार्टी जीतेगी। ऐसे में रायबरेली से प्रियंका गांधी वाड्रा के लिए बड़ी चुनौती है। अगर वो अपनी मां सोनिया गांधी की ये पारंपरिक सीट बचा नहीं पाएंगी, तो कांग्रेस के लिए बड़ी फजीहत होगी। वहीं, राहुल गांधी पर भी एक बार फिर अमेठी सीट को अपने कब्जे में करने का दबाव रहेगा। ऐसे में रायबरेली और अमेठी सीट पर लोकसभा चुनाव के दौरान दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है।