newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

LK Advani Birthday: लालकृष्ण आडवाणी को जन्मदिन की बधाई देने उनके घर पहुंचे PM मोदी, दिया ये खास तोहफा

LK Advani Birthday: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री लाल कृष्ण आडवाणी सोमवार को अपना 94वां जन्मदिन मना रहे हैं।

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज और वरिष्ठ नेता रहे लाल कृष्ण आडवाणी आज अपना 94वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर बीजेपी के नेताओं ने सोशल मीडिया पर उन्हे बधाई देते हुए उनकी लंबी उम्र की कामना की है। वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वेंकैया नायडू, केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह पृथ्वीराज रोड स्थित लाल कृष्ण आडवाणी के घर पर पहुंचकर इस मौके पर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी।

 

पीएम मोदी ने किया ट्वीट

वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट करते हुए कहा है, ‘आदरणीय आडवाणी जी को जन्मदिन की बधाई। उनकी लंबी उम्र और स्वस्थ जीवन की प्रार्थना करता हूं। लोगों को सशक्त बनाने और हमारे सांस्कृतिक गौरव को बढ़ाने की दिशा में उनके कई प्रयासों के लिए राष्ट्र उनका ऋणी रहेगा। उन्हें उनकी बौद्धिक क्षमता के लिए भी व्यापक रूप से सम्मानित किया जाता है।’

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आडवाणी को शुभकामनाएं देते हुए कहा, ‘‘वह भारत के उन सबसे सम्मानित नेताओं में गिने जाते हैं, जिनकी विद्वता, दूरदर्शिता, बौद्धिक क्षमता और राजनय का लोहा सभी मानते हैं ईश्वर उन्हें स्वस्थ रखे एवं दीर्घायु करे।’’ भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा, ‘‘भाजपा को जन-जन तक पहुंचाने और देश के विकास में अहम भूमिका निभाने वाले लालकृष्ण आडवाणी जी को जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई। आडवाणी जी पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ताओं के प्रेरणास्रोत हैं. मैं ईश्वर से आपकी दीर्घ आयु और स्वस्थ जीवन की प्रार्थना करता हूं।’’

अमित शाह ने भी किया ट्वीट

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी लाल कृष्ण आडवाणी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘अपने सतत संघर्ष से भाजपा की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाकर संगठन को अखिल भारतीय स्वरूप देने में अपना अहम योगदान देने वाले हम सभी के आदरणीय श्रद्धेय श्री लालकृष्ण आडवाणी जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आप सदैव स्वस्थ रहें और दीर्घायु हों ऐसी ईश्वर से कामना करता हूं।