newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

लॉकडाउन 2.0 की गाइडलाइन में पेट्रोल पंप को लेकर आई ये जानकारी

सरकार ने आवश्यक सेवाओं के लिए आने-जाने की इजाजत दी है। बैंक शाखाएं, एटीएम, पोस्टल सेवा, पोस्ट ऑफिस खुले रहेंगे। आईआरडीएआई और बीमा कंपनियां को इजाजत दी गई है।

नई दिल्ली। देशभर में 19 दिनों के लिए एक बार फिर से लॉकडाउन लागू कर दिया गया है। पीएम मोदी ने 14 अप्रैल को घोषणा की कि, लॉकडाउन को 3 मई तक के लिए बढ़ाया जाता है। पीएम मोदी ने मंगलवार को बताया था कि लॉकडाउन के दूसरे पार्ट को लेकर गाइडलाइन बुधवार को जारी की जाएगी, जो अब जारी कर दी गई है।

PM Narendra Modi

नई गाइडलाइन के तहत कुछ चीजों पर रोक जारी है तो वहीं कुछ चीजों पर लोगों को छूट दी गई है। इस गाइडलाइन के मुताबिक आवश्यक सामानों, दवाओं का उत्पादन जारी रहेगा। कुछ शर्तों के साथ ट्रकों को आने-जाने की इजाजत दी गई है। लॉकडाउन में फंसे लोगों के लिए होटल, लॉज खुले रहेंगे। बिजली मैकेनिक, प्लंबर, मोटर मैकेनिक, कारपेंटर को इजाजत दी गई है। 50 फीसदी कर्मचारियों के साथ आईटी कंपनियों को काम की मंजूरी दी गई है।

इसके अलावा जारी की गई गाइडलाइन के अंतर्गत पेट्रोल पंप भी खुले रखने का आदेश है। हालांकि इसके पहले लॉकडाउन पार्ट 1 में भी पेट्रोल पंप बंद नहीं किए गए थे। गाइडलाइन के मुताबिक दूध की बिक्री, कलेक्शन, वितरण के काम को इजाजत दी गई। पेट्रोल पंप खुले रहेंगे। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिकल मीडिया, डीटीएच, केबल, इंटरनेट सेवाएं भी जारी रहेंगी। ग्रामीण इलाकों में औद्योगिक गतिविधियों को इजाजत दी गई है। एसईजेड में औद्योगिक उत्पादन को मंजूरी दी गई है।

Petrol Pump

गृह मंत्रालय ने बुधवार को गाइडलाइन जारी करते हुए कृषि कार्यों के लिए सीमित छूट दी है। संशोधित दिशा-निर्देशों के अनुसार, हवाई, रेल और सड़क मार्ग से यात्रा करना, शैक्षिक और प्रशिक्षण संस्थानों का संचालन, औद्योगिक और वाणिज्यिक गतिविधियां,  सिनेमा हॉल और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स पर जारी रोक लागू रहेगी। सभी सामाजिक, राजनीतिक और अन्य आयोजनों पर भी रोक जारी रहेगी। इसके अलावा जब तक देश में लॉकडाउन लागू है, तब तक सभी धार्मिक स्थलों को भी बंद रखा जाएगा।

Farmer

सरकार ने आवश्यक सेवाओं के लिए आने-जाने की इजाजत दी है। बैंक शाखाएं, एटीएम, पोस्टल सेवा, पोस्ट ऑफिस खुले रहेंगे। आईआरडीएआई और बीमा कंपनियां को इजाजत दी गई है। एपीएमसी से संचालित सभी मंडियां खुली रहेंगी। मनरेगा के तहत काम को इजाजत दी गई।