newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Meerut Mobile Blast: मेरठ में चार्जिंग के दौरान फटा मोबाइल, 4 बच्चों की मौत; माता-पिता की भी हालत गंभीर

Meerut Mobile Blast: मुजफ्फरनगर के सिखेड़ा के मूल निवासी जॉनी, उनकी पत्नी बबीता, बच्चे सारिका, निहारिका, गोलू और कल्लू मोदीपुरम की जनता कॉलोनी के एक मकान में किराए पर रहते हैं। जॉनी मजदूरी का काम करते हैं। उनके किराए के घर में चार्जिंग के दौरान मोबाइल फट गया।

मेरठ। यूपी के मेरठ से बड़ी खबर है। यहां की मोदीपुरम स्थित जनता कॉलोनी में एक घर में चार्जिंग के दौरान मोबाइल फट गया। इससे कमरे में आग लग गई। आग से सभी घरवाले झुलस गए। हादसे में गंभीर रूप से झुलसे 4 बच्चों की जान चली गई। उनके पिता मेडिकल में और मां को दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक मुजफ्फरनगर के सिखेड़ा के मूल निवासी जॉनी, उनकी पत्नी बबीता, बच्चे सारिका, निहारिका, गोलू और कल्लू मोदीपुरम की जनता कॉलोनी के एक मकान में किराए पर रहते हैं। जॉनी मजदूरी का काम करते हैं। पुलिस के मुताबिक शनिवार की शाम बच्चे खेल रहे थे। कमरे में बिस्तर लगा था। बिस्तर पर तार बिखरे थे। बच्चों ने मोबाइल का चार्जर लगाना चाहा। इसी दौरान शॉर्ट सर्किट हो गया। मोबाइल फट गया और बिस्तर में आग लग गई। आग तेजी से फैली और बच्चे उसकी चपेट में आ गए। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर जॉनी और बबीता कमरे की तरफ दौड़े। उस वक्त तक आग बुरी तरह फैल चुकी थी। बच्चे उसमें झुलस गए थे। बच्चों को बचाने गए जॉनी और बबीता भी आग की चपेट में आ गए और वे भी झुलस गए।

चारों बच्चों को अस्पताल ले जाया गया। जॉनी और बबीता को भी भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान एक-एक कर सारिका, निहारिका, गोलू और कल्लू ने दम तोड़ दिया। वहीं, जॉनी और बबीता की हालत भी नाजुक होने लगी। ऐसे में निजी अस्पताल के डॉक्टरों ने दोनों को मेडिकल ले जाने को कहा। जॉनी को मेडिकल ले जाया गया। बबीता की हालत ज्यादा नाजुक देखकर दिल्ली के एम्स रेफर किया गया। मोबाइल के फटने से लोगों की जान पहले भी कई जगह गई है। ऐसे में इसकी चार्जिंग में बहुत सावधानी बरतने की जरूरत एक बार फिर सामने आ गई है।