newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Rajasthan: राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत के खिलाफ अब करीबी भी उठा रहे आवाज, मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने इस मुद्दे पर कसा तंज

गहलोत के मंत्री प्रताप सिंह ने कहा कि महेश जोशी को तो पहले ही इस्तीफा देना चाहिए था। उन्होंने कहा कि रघु शर्मा और हरीश चौधरी को पार्टी ने राज्यों का प्रभार सौंपा, तो दोनों ने इस्तीफा दिया था। किसी को पता नहीं था कि महेश जोशी के पास दो पद हैं। खाचरियावास ने आगे कहा कि मैं क्या कहूं।

जयपुर। एक तरफ सचिन पायलट और उनके समर्थक राजस्थान में सीएम पद से अशोक गहलोत को हटाने की मांग लगातार तेज कर रहे हैं। दूसरी तरफ अब गहलोत के मंत्री ही उनके खिलाफ बयान देने में आगे आ रहे हैं। पहले भी कई मंत्री और विधायकों ने गहलोत के खिलाफ बयान दिया। अब अशोक गहलोत कैबिनेट में मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने भी सीएम पर निशाना साध दिया है। खाचरियावास ने ये निशाना कैबिनेट मंत्री महेश जोशी के मसले पर लगाया। गहलोत सरकार में कैबिनेट मंत्री के साथ ही महेश जोशी के पास विधानसभा में मुख्य सचेतक यानी चीफ व्हिप का भी पद था। मुख्य सचेतक पद से उन्होंने अब इस्तीफा दिया है। जिसके बाद प्रताप सिंह खाचरियावास ने अशोक गहलोत को निशाने पर लिया है। खास बात ये है कि खाचरियावास भी अशोक गहलोत के करीबी हैं।

pratap singh khachariawas
अशोक गहलोत सरकार में मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास।

मीडिया से बात करते हुए प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि जिस पर सीएम की मेहरबानी है, वो जब चाहें इस्तीफा दें। प्रताप सिंह ने रामचरितमानस की चौपाई ‘समरथ को नहीं दोष गुसाईं’ का उदाहरण भी दिया। गहलोत के मंत्री प्रताप सिंह ने कहा कि महेश जोशी को तो पहले ही इस्तीफा देना चाहिए था। उन्होंने कहा कि रघु शर्मा और हरीश चौधरी को पार्टी ने राज्यों का प्रभार सौंपा, तो दोनों ने इस्तीफा दिया था। किसी को पता नहीं था कि महेश जोशी के पास दो पद हैं। खाचरियावास ने आगे कहा कि मैं क्या कहूं। महेश जी मेरे खास हैं। उनका सम्मान करता हूं। अब कोई नया मुख्य सचेतक बन जाएगा।

ASHOK GEHLOT

बता दें कि 25 सितंबर 2022 को कांग्रेस आलाकमान के भेजे दूतों अजय माकन और मल्लिकार्जुन खड़गे के सामने राजस्थान के कांग्रेस विधायकों ने सचिन पायलट के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। कांग्रेस के विधायक अड़ गए थे कि किसी सूरत में सचिन पायलट को राज्य का सीएम नहीं बनाया जाना चाहिए। विधायकों ने इस मांग के समर्थन में सामूहिक तौर पर अपने इस्तीफे भी विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी को सौंपे थे। विधायकों के इस कांड को कराने में महेश जोशी का भी नाम आया था। सचिन पायलट भी लगातार महेश जोशी और अन्य नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते रहे हैं। अब जोशी का नाम लेकर प्रताप सिंह खाचरियावास ने सीएम अशोक गहलोत पर अपने खास लोगों का फायदा कराने का आरोप लगा दिया है।