newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Modi To Visit Ayodhya: अयोध्या में 23 अक्टूबर के मेगा दीपोत्सव में हिस्सा लेंगे PM मोदी, रामलला का भी करेंगे पूजन, 17 लाख दीये जलाने की है तैयारी

दिवाली के मौके पर योगी सरकार ने सत्ता संभालने के बाद से अयोध्या में दीपोत्सव कराना शुरू किया है। हर साल यहां जलाए जाने वाले दीपों की संख्या को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी जगह मिलती रही है। इस साल योगी सरकार की योजना सरयू के घाटों पर 17 लाख दीये जलाने की है। ये दीये जगह-जगह से खरीदे जा रहे हैं।

अयोध्या। पीएम नरेंद्र मोदी इस बार दिवाली से एक दिन पहले 23 अक्टूबर को अयोध्या के दौरे पर आएंगे। मोदी यहां श्री राम जन्मभूमि में पूजा-अर्चना करने के बाद बन रहे भव्य राम मंदिर के कामकाज को भी देखेंगे। साथ ही दीपोत्सव में भी शामिल होंगे। मोदी के अयोध्या दौरे की जानकारी यूपी की योगी सरकार की ओर से जिला प्रशासन को दी गई है। जानकारी के मुताबिक पीएम मोदी 23 अक्टूबर को शाम करीब 5 बजे अयोध्या में भगवान रामलला की पूजा और दर्शन करेंगे। इसके बाद वो राम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण कार्य को देखेंगे। फिर करीब पौने 6 बजे वो श्री रामकथा पार्क में भगवान राम के राज्याभिषेक की याद में होने वाले कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

modi lord ram

श्री रामकथा पार्क से पीएम मोदी सरयू नदी के किनारे बने न्यू घाट जाएंगे और वहां आरती करेंगे। इसके बाद राम की पैड़ी पर वो हर साल की तरह होने जा रहे दीपोत्सव कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। यहां पीएम खुद दीप जलाएंगे। दीपोत्सव के बाद शाम करीब साढ़े 7 बजे ग्रीन डिजिटल फायरवर्क का कार्यक्रम होगा। इसमें भी पीएम शामिल होंगे। उम्मीद की जा रही है कि पीएम मोदी अयोध्या में ही 23 अक्टूबर की रात को रुक सकते हैं। इस बार 23 अक्टूबर को ही धनतेरस और छोटी दिवाली मनाई जाएगी। जबकि, दिवाली का त्योहार 24 अक्टूबर को होगा।

ayodhya deepotsav

दिवाली के मौके पर योगी सरकार ने सत्ता संभालने के बाद से अयोध्या में दीपोत्सव कराना शुरू किया है। हर साल यहां जलाए जाने वाले दीपों की संख्या को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी जगह मिलती रही है। इस साल योगी सरकार की योजना सरयू के घाटों पर 17 लाख दीये जलाने की है। ये दीये जगह-जगह से खरीदे जा रहे हैं। घाटों पर दीयों की जगमग से 23 अक्टूबर की शाम अयोध्या दुल्हन की तरह नजर आएगी।