newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

PM Narendra Modi’s Rally In Kurukshetra : पीएम नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस को बताया सबसे अधिक बेईमान और धोखेबाज पार्टी

PM Narendra Modi’s Rally In Kurukshetra : जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 की बात करते हुए प्रधानमंत्री बोले, कुछ साल पहले, हरियाणा के हमारे वीर जवानों पर कश्मीर में पत्थरों से हमले हो रहे थे। हर हफ्ते हमारे वीर जवानों के शव तिरंगे में लपेटे जाते थे। कांग्रेस धारा 370 की वापसी का समर्थन कर उस काले युग को वापस लाना चाहती है, क्या आप इससे सहमत हैं।

नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर के डोडा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के कुरुक्षेत्र में विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। इस दौरान पीएम ने कहा कि विकसित भारत बनाने के लिए हरियाणा का विकसित होना भी बहुत जरूरी है। पीएम बोले, जनता की समस्याओं से कांग्रेस को कभी कोई फर्क नहीं पड़ता। कांग्रेस से बड़ी बेईमान और धोखेबाज पार्टी देश में दूसरी कोई नहीं है।

प्रधानमंत्री ने कहा, कांग्रेस के झूठ पर विश्वास कर वो लोग पछता रहे हैं जिन्होंने अपने राज्य में कांग्रेस को सरकार बनाने का मौका दिया। कांग्रेस की झूठ की घुट्टी ने कर्नाटक और तेलंगाना को भी नहीं छोड़ा है। कर्नाटक में तो हाहाकार मचा है, महंगाई और भ्रष्टाचार चरम पर है, विकास के सारे काम ठप्प हैं। अच्छे खासे राज्य को बर्बाद कैसे किया जाता है ये कांग्रेस वहां करके दिखा रही है। कांग्रेस कट्टर बेईमान पार्टी है। कांग्रेस पार्टी की एक ही नीति है, चुनाव जीतने के लिए जनता का खजाना खाली करो। इसी तरह देखिए पंजाब की क्या हालत कर दी है। हरियाणा के लोगों को ऐसी पार्टियों को सरकार के पास भी नहीं फटकने देना है।

पीएम ने कहा कि यहां आने से पहले मैं जम्मू-कश्मीर में था, वहां चुनाव भी हो रहे हैं। वहां कांग्रेस पार्टी अनुच्छेद 370 की बहाली का समर्थन कर रही है। क्या आप इससे सहमत हैं? क्या आप चाहते हैं कि कश्मीर को अलग किया जाए? क्या ऐसा पाप करने वाली कांग्रेस को सज़ा नहीं मिलनी चाहिए? कुछ साल पहले, हरियाणा के हमारे वीर जवानों पर कश्मीर में पत्थरों से हमले हो रहे थे। आतंकवादी बम और बंदूकों का इस्तेमाल कर रहे थे, हर हफ्ते हमारे वीर जवानों के शव तिरंगे में लपेटे जाते थे। कांग्रेस धारा 370 की वापसी का समर्थन कर उस काले युग को वापस लाना चाहती है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि गांधी परिवार ने हमेशा बाबा साहेब डॉ. बी.आर. अंबेडकर के प्रति शत्रुता रखी है और आरक्षण का पुरजोर विरोध किया है। इस परिवार ने लगातार दलितों, ओबीसी और आदिवासियों का अपमान किया है। जब जवाहर लाल नेहरू प्रधानमंत्री थे, तो उन्होंने आरक्षण का विरोध करते हुए कहा था, राज्यों के मुख्यमंत्रियों को चिट्ठी लिखी थी और कहा था कि आरक्षण वाले नौकरी पा जाएंगे तो सरकारी सेवाओं की गुणवत्ता खराब हो जाएगी।