newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Droupadi Murmu Visit to Ayodhya : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कल अयोध्या में करेंगी श्री रामलला के दर्शन, जानिए पूरा शेड्यूल

Droupadi Murmu Visit to Ayodhya : राष्ट्रपति हनुमान गढ़ी में भी दर्शन करने जाएंगी। वहां से कुबेर टीला जाने के बाद सरयू के तट पर शाम को होने वाली आरती में भी राष्ट्रपति शामिल होंगी।

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कल यानी बुधवार को अयोध्या में श्री रामलला के दर्शन करने जाएंगी। राष्ट्रपति पहले हनुमान गढ़ी के दर्शन करेंगी उसके बाद भव्य श्री राम मंदिर जाएंगी। इसके बाद कुबेर टीला होकर शाम को सरयू आरती में भी शामिल होंगी। राम मंदिर के निर्माण के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अयोध्या का यह पहला दौरा है। संभव है कि राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी राष्ट्रपति के स्वागत के लिए उपस्थित रहेंगे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विशेष विमान से शाम करीब चार बजे अयोध्या पहुंचेंगी। इसके बाद उन्हें वीआईपी गेट से होते हुए मंदिर परिसर तक ले जाया जाएगा। राष्ट्रपति करीब तीन घंटे तक अयोध्या में रहेंगी। राम मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने कहा कि इस दौरान आम श्रद्धालु भी रोज की भांति दर्शन-पूजन कर सकेंगे। ट्रस्ट के पदाधिकारियों का कहना है कि राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए ऐसी व्यवस्था की जाएगी जिससे आम आदमी को दर्शन में किसी प्रकार का व्यवधान न हो। राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर अयोध्या हवाई अड्डे को राम पथ से जोड़ने वाले मार्ग पर ट्रैफिक डायवर्जन किया जाएगा।

अयोध्या के मंडलायुक्त गौरव दयाल ने कहा कि राष्ट्रपति के काफिले की आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए यातायात परिवर्तन और अन्य व्यवस्थाएं की जाएंगी, ताकि कहीं पर भी मार्ग में किसी प्रकार के जाम से काफिले को न गुजरना पड़े। वहीं सरयू नदी के तट पर शाम को होने वाली आरती के दौरान भी राष्ट्रपति मौजूद रहेंगी। इसके लिए भी विशेष तैयारियां की जा रही हैं। आपको बता दें अयोध्या में श्री रामलला के मंदिर में दर्शन करने के लिए रोजाना एक लाख से ज्यादा श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। श्री रामलला के भव्य और दिव्य मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को 22 अप्रैल से तीन महीने पूरे हो गए और इस अवधि में अब तक लगभग डेढ़ करोड़ श्रद्धालु भगवान के दर्शन कर चुके हैं।