![President Grants Sanction To Prosecute Money Laundering Case Against Satyendra Jain : आप नेता सत्येंद्र जैन के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग केस चलाने की राष्ट्रपति ने दी मंजूरी](https://hindi.newsroompost.com/wp-content/uploads/2025/02/satyendra-jain-jpg.webp)
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के नेता सत्येंद्र जैन की मुश्किलें फिर से बढ़ने वाली हैं। उनके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का केस चलाने के लिए राष्ट्रपति ने मंजूरी दे दी है। गृह मंत्रालय की ओर से जैन के खिलाफ केस चलाने की इजाजत मांगने के लिए फाइल राष्ट्रपति भवन भेजी गई थी जिस पर प्रेसिडेंट द्रौपदी मुर्मू ने साइन कर दिए हैं। इससे पहले 30 मई 2022 को ईडी ने जैन को गिरफ्तार किया था। पिछले साल 18 अक्टूबर 2024 को राउज एवेन्यू कोर्ट ने जैन को जमानत दी थी तब से वो बेल पर हैं।
दिल्ली के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के खिलाफ साल 2017 में सीबीआई ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज किया था। इसके बाद इस केस में मनी लॉन्ड्रिंग का मामला सामने आया। फिर सीबीआई की एफआईआर के आधार पर ईडी ने मामले की जांच शुरू की। ईडी को जांच में इस बात के सबूत मिले कि जैन ने अपनी कंपनियों का इस्तेमाल हवाला के जरिए शेल कंपनियों के माध्यम से मनी लॉन्ड्रिंग के लिए किया। इसके बाद ईडी ने पीएमएलए के तहत मामला दर्ज किया और 30 मई 2022 को सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार कर लिया। ईडी इस मामले में आरोप पत्र भी दाखिल कर चुकी है। गृह मंत्रालय ने ईडी के जांच के आधार पर मिले पर्याप्त सबूतों का हवाला देते हुए ही सत्येंद्र जैन के खिलाफ कोर्ट केस चलाने की राष्ट्रपति से मांग की थी।
तिहाड़ जेल में रहने के दौरान भी सत्येंद्र जैन पर अवैध वसूली के आरोप लगे थे। सत्येंद्र जैन के तिहाड़ जेल के कुछ वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। जिसमें सत्येंद्र जैन पलंग पर आराम से लेट कर दूसरे कैदी से शरीर की मालिश करा रहे थे। वहीं एक अन्य वीडियो में भी सत्येंद्र जैन बाहर से लाया गया खाना खा रहे थे जबकि एक व्यक्ति उनके पैर दबा रहा था।