
नई दिल्ली। कांग्रेस का इरादा राहुल गांधी के बाद अब गांधी परिवार की दूसरी चश्मोचिराग प्रियंका गांधी वाड्रा को सियासत के मेनस्ट्रीम में पूरी तरह लाने का लग रहा है। न्यूज 18 चैनल ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि राहुल गांधी केरल की वायनाड सीट छोड़कर रायबरेली रखेंगे। वायनाड सीट से कांग्रेस अब प्रियंका गांधी वाड्रा को चुनाव लड़ा सकती है। हालांकि, राहुल गांधी ने वायनाड और रायबरेली सीट के बारे में मंगलवार को पूछे जाने पर कहा था कि अभी इस बारे में फैसला नहीं किया है कि किस सीट से वो सांसद रहेंगे।
प्रियंका गांधी वाड्रा ने 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी के साथ मिलकर जोरदार प्रचार किया। उन्होंने अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव के साथ पीएम नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भी रोड शो किया था। जहां भी प्रियंका गांधी वाड्रा गईं, वहां उन्होंने मीडिया से खुलकर बात की। उन्होंने कांग्रेस और विपक्षी दलों के मुद्दों को भी जनसभा में सरगर्मी से उठाया। अमेठी में उन्होंने स्मृति इरानी को चुनौती दी और वहां कांग्रेस के किशोरीलाल शर्मा को जीत दिला दी। ऐसे में प्रियंका गांधी ने दिखा दिया है कि वो कांग्रेस को आगे बढ़ाने में जबरदस्त काम कर रही हैं। कांग्रेस के लोग पहले से ही उनमें पूर्व पीएम इंदिरा गांधी की छवि देखते रहे हैं।
प्रियंका गांधी ने अपनी मां सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली से सियासत में कदम रखा था। वो सोनिया गांधी की प्रतिनिधि के तौर पर रायबरेली जाती थीं। फिर उनको कांग्रेस ने महासचिव बनाया और यूपी का प्रभार भी दिया। यूपी में कांग्रेस महासचिव और प्रभारी रहने के दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा कोई खास असर तो नहीं डाल सकीं, लेकिन हाल के लोकसभा चुनाव में प्रियंका गांधी वाड्रा ने खूब दम लगाया और उसका असर भी देखा जा रहा है। खासकर यूपी में प्रियंका गांधी वाड्रा के कारण कांग्रेस को तमाम सीटें हासिल होने की चर्चा हो रही है। ऐसे में अगर उनको वायनाड से लोकसभा में आने का मौका मिलता है, तो इससे संसद में कांग्रेस को मुद्दों पर बोलने वाली एक और बड़ी नेता मिल सकती है।