newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Case On Pratap Singh Bajwa: ग्रेनेड मामले में बयान देकर मुश्किल में पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह बाजवा, कई धाराओं में केस दर्ज

Case On Pratap Singh Bajwa: रविवार को पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस विभाग की एआईजी रवजोत कौर ग्रेवाल ने प्रताप सिंह बाजवा के घर जाकर उनसे पूछताछ की थी। प्रताप सिंह बाजवा ने इस पर कहा था कि वो संवैधानिक पद पर हैं और चार सीएम के साथ रहे हैं। उन्होंने कहा था कि मेरा सूत्र कहीं का भी हो सकता है। प्रताप सिंह बाजवा ने कहा था कि वो अपने सूत्र के बारे में किसी सूरत में जानकारी नहीं देंगे। प्रताप सिंह बाजवा पर पंजाब के सीएम भगवंत मान ने भी निशाना साधा था।

चंडीगढ़। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पंजाब विधानसभा में नेता विपक्ष प्रताप सिंह बाजवा अपने एक बयान की वजह से मुश्किल में फंस गए हैं। प्रताप सिंह बाजवा ने बीते दिनों एक न्यूज चैनल से बातचीत में दावा किया था कि पंजाब में 50 ग्रेनेड लाए गए। इनमें से 18 ग्रेनेड इस्तेमाल हो चुके हैं और 32 बचे हैं। प्रताप सिंह बाजवा ने ये बयान जालंधर में बीजेपी नेता मनोरंजन कालिया के घर ग्रेनेड हमले के सिलसिले में दिया था। अब पंजाब पुलिस ने मोहाली के साइबर क्राइम थाने में प्रताप सिंह बाजवा के खिलाफ केस दर्ज किया है। उनके खिलाफ भारत की सुरक्षा और अखंडता को खतरे में डालने और भ्रामक सूचना व समुदायों में द्वेष फैलाने का आरोप लगाया गया है।

इससे पहले रविवार को पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस विभाग की एआईजी रवजोत कौर ग्रेवाल ने प्रताप सिंह बाजवा के घर जाकर उनसे पूछताछ की थी। प्रताप सिंह बाजवा ने इस पर कहा था कि वो संवैधानिक पद पर हैं और चार सीएम के साथ रहे हैं। उन्होंने कहा था कि मेरा सूत्र कहीं का भी हो सकता है। प्रताप सिंह बाजवा ने ये भी कहा था कि 1987 में उनके पिता की जान ली गई थी। वो खुद भी निशाने पर हो सकते हैं। 1990 में पंजाब के बटाला में उन पर हमला भी हुआ था। प्रताप सिंह बाजवा ने कहा था कि वो सूत्र के बारे में नहीं बताएंगे। भले ही पंजाब के सीएम उन पर केस कर दें।

इससे पहले पंजाब के सीएम भगवंत मान ने चेतावनी देते हुए कहा था कि कांग्रेस के नेता अपने दावे को साबित करें या लोगों में दहशत फैलाने के लिए कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार रहें। भगवंत मान ने प्रताप सिंह बाजवा के बारे में ये भी आरोप लगाया था कि 50 ग्रेनेड के बयान के पीछे बाजवा के पाकिस्तान में सक्रिय पंजाब विरोधी ताकतों से गहरे पारिवारिक रिश्ते हैं। जिनसे उनको बिना किसी आधार के जानकारी मिल रही है। पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा था कि सीमापार बैठे बाजवा के दोस्त ने उनको राज्य में शांति भंग करने की अपनी योजनाओं के बारे में बताया होगा। क्योंकि खुफिया एजेंसियों के पास इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। बता दें कि पंजाब में कई ग्रेनेड हमले हो चुके हैं। यहां तक कि पंजाब पुलिस को भी निशाना बनाने की कोशिश हुई थी।