newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

UP: अखिलेश के साथ मुलायम सिंह को भी अब योगी सरकार का झटका, सपा का गढ़ कहे जाने वाले मैनपुरी में लिया ये सख्त एक्शन

यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनके पिता और कद्दावर नेता मुलायम सिंह यादव को एक और झटका दिया है। मुलायम सिंह यादव के गढ़ कहे जाने वाले मैनपुरी में जिला प्रशासन ने सपा के दफ्तर को खाली करा लिया है। सपा का दफ्तर जिला पंचायत की ओर से आवंटित जमीन पर बनाया गया था।

मैनपुरी। यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनके पिता और कद्दावर नेता मुलायम सिंह यादव को एक और झटका दिया है। मुलायम सिंह यादव के गढ़ कहे जाने वाले मैनपुरी में जिला प्रशासन ने सपा के दफ्तर को खाली करा लिया है। सपा का दफ्तर जिला पंचायत की ओर से आवंटित जमीन पर बनाया गया था। उस पट्टे को प्रशासन ने खारिज कर दिया। प्रशासन के मुताबिक सपा ने नियमों का उल्लंघन किया। वहीं, सपा के नेता इसे राजनीतिक कदम बता रहे हैं और मामले को कोर्ट में ले जाने की बात कही है।

mainpuri sp office evacuated

मैनपुरी में नगर पालिका के पास सपा का दफ्तर था। इस दफ्तर को खाली करने के लिए जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी ओपी सिंह ने बीते 9 सितंबर को नोटिस दिया था। नोटिस में कहा गया था कि सपा का नगर कार्यालय जिला पंचायत की जमीन पर बने दो कमरों के लिए दिया गया था। पार्टी का दफ्तर दूसरी जगह बन गया है। इस वजह से पट्टा खारिज किया जाता है। दो दिन में दफ्तर को खाली कर दिया जाए। नोटिस के बाद भी सपा ने दफ्तर खाली नहीं किया। इसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अफसर वहां पहुंचे और दफ्तर का सारा सामान निकाल दिया। सपा के दफ्तर के बोर्ड को भी पेंट से रंग दिया गया।

akhilesh-and-Mulayam

ओपी सिंह ने मीडिया को बताया कि साल 1994 में 10 साल का पट्टा दिया गया था। फिर सपा दफ्तर के लिए 90 साल का पट्टा दे दिया गया। तब यहां पार्टी का दफ्तर नहीं बना था। उन्होंने बताया कि सपा का नया दफ्तर बन जाने के बाद सरकार ने जिला पंचायत की जमीन खाली कराने का फैसला किया है। यहां जिला पंचायत का भवन बनाया जाना है। वहीं, प्रशासन की कार्रवाई के खिलाफ पूर्व विधायक राजू यादव अपने समर्थकों के साथ डीएम से बात करने पहुंचे, लेकिन उनको कोई राहत नहीं मिली। राजू ने कहा कि अब सपा कोर्ट जाकर न्याय लेगी।