newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Kisan Mahapanchayat: दिल्ली के रामलीला मैदान में आज एसकेएम की किसान महापंचायत, पुलिस ने सुरक्षा के किए हैं पुख्ता इंतजाम

किसान संगठनों ने पहले एलान किया था कि दिल्ली में वो संसद भवन तक मार्च करेंगे। हालांकि, शनिवार को संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक के बाद इस मार्च के बारे में कुछ नहीं कहा गया। दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक किसान संगठनों को किसी भी सूरत में संसद तक नहीं पहुंचने दिया जाएगा। संसद की अभी बैठक चल रही है।

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में आज एक बार फिर किसान जुटने वाले हैं। संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने आज दिल्ली के रामलीला मैदान में महापंचायत बुलाई है। मोर्चा के मुताबिक देशभर से लाखों किसान इस महापंचायत में शामिल होंगे। किसानों की महापंचायत को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। करीब 20000 पुलिसकर्मियों की तैनाती रामलीला मैदान और आसपास की गई है। दिल्ली पुलिस ने राजधानी में रहने वालों से कहा है कि वे रामलीला मैदान के आसपास की सड़कों से आज न आएं-जाएं। दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक माहौल देखकर अन्य जरूरी कदम उठाने की भी पुख्ता तैयारी की गई है।

kisan mahapanchayat 2
किसान महापंचायत के मद्देनजर रामलीला मैदान में तैनात पुलिसबल।

किसान महापंचायत की बात करें, तो इसमें मुख्य मांग फसलों पर एमएसपी की गारंटी की है। साथ ही कर्जमाफी, बिजली बिल, किसानों को पेंशन जैसी मांग भी संयुक्त किसान मोर्चा कर रहा है। किसानों ने इससे पहले दिल्ली की सीमाओं पर एक साल से ज्यादा वक्त तक धरना दिया था। तब सरकार ने एमएसपी पर कमेटी बनाने और तीन कृषि कानून वापस लेने का एलान किया था। जिसके बाद संयुक्त किसान मोर्चा ने अपना आंदोलन वापस लिया था। अब एक बार फिर किसान संगठन एमएसपी और अन्य मुद्दों को लेकर आंदोलन की शुरुआत करने जा रहे हैं।

farmers agitation file

किसान संगठनों ने पहले एलान किया था कि दिल्ली में वो संसद भवन तक मार्च करेंगे। हालांकि, शनिवार को संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक के बाद इस मार्च के बारे में कुछ नहीं कहा गया। दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक किसान संगठनों को किसी भी सूरत में संसद तक नहीं पहुंचने दिया जाएगा। संसद की अभी बैठक चल रही है। साथ ही भीड़ अगर संसद के रास्ते चली, तो इससे राजधानी की यातायात व्यवस्था भी काफी हद तक ठप पड़ने की आशंका पैदा होगी। बहरहाल, आज फिर सबकी नजर रामलीला मैदान पर है। जहां किसान नेताओं के भाषण और उनकी मांगों के बारे में पता चलने वाला है।