newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Weather: सक्रिय होने जा रहा है एक और पश्चिमी विक्षोभ, जानिए आपके यहां के मौसम का ताजा अनुमान

Weather: मौसम विभाग ने कहा है कि 26 फरवरी से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इससे पश्चिमी हिमालयी इलाके में फिर मौसम करवट लेगा। उत्तर और मध्य भारत में ताजा पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखेगा। देश के अन्य हिस्सों में मौसम का ताजा हाल भी विभाग ने बताया है।

नई दिल्ली। बर्फबारी और बारिश का दौर लगातार देश के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में देखने को मिल रहा है। अब मौसम विभाग ने कहा है कि 26 फरवरी से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इससे पश्चिमी हिमालयी इलाके में फिर मौसम करवट लेगा। उत्तर और मध्य भारत में ताजा पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखेगा। इस पश्चिमी विक्षोभ के कारण आज और कल पश्चिमी हिमालयी इलाके में बर्फबारी और हल्की बारिश हो सकती है। 27 फरवरी तक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में खूब बर्फबारी होने का अनुमान मौसम विभाग ने लगाया है। इसके अलावा हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश होने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के ताजा अनुमान के अनुसार जम्मू-कश्मीर, लद्दाख वगैरा में सोमवार यानी कल बिजली गिरने, हल्की से मध्यम स्तर की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। आज से कल तक हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की बात मौसम विभाग ने कही है। जबकि, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के विदर्भ में 30 से लेकर 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवा के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका है। सोमवार को मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड में कई जगह ओले भी गिरने की बात मौसम विभाग ने कही है।

मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वोत्तर के सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कई जगह बर्फबारी और बारिश की संभावना है। जबकि, एक तेज चक्रवात का ट्रफ दक्षिणी तेलंगाना से दक्षिण तमिलनाडु तक है। बंगाल की खाड़ी में भी उल्टा चक्रवात है। इससे मंगलवार तक पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड में बारिश हो सकती है। वहीं, दक्षिण के कुछ राज्यों में नमी का मौसम हो सकता है। इसके अलावा मौसम विभाग के अनुसार देश में कहीं भी तापमान में बहुत ज्यादा अंतर भी नहीं आने वाला है। यानी तापमान अभी की तरह ही बना रहेगा।