newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Sunita Kejriwal: ‘तानाशाह का विनाश हो…’, अरविंद केजरीवाल की सीबीआई गिरफ्तारी पर भड़कीं पत्नी सुनीता केजरीवाल तो यूजर्स ने भी किया पलटवार

Sunita Kejriwal: अरविंद केजरीवाल को पहले ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था। अब सीबीआई ने शराब घोटाला मामले में पूछताछ के लिए गिरफ्तार किया है। कोर्ट में बुधवार को जब अरविंद केजरीवाल को सीबीआई ने पेश किया था, तब सुनीता केजरीवाल भी वहां मौजूद थीं।

नई दिल्ली। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को अब सीबीआई ने गिरफ्तार कर 3 दिन की रिमांड पर लिया है। इससे अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल का गुस्सा भड़क उठा है। सुनीता केजरीवाल ने बिना नाम लिए पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा और उनके विनाश की प्रार्थना की। इस पर सोशल मीडिया यूजर्स ने भी पलटवार किया है।

कोर्ट परिसर में अरविंद केजरीवाल के पीछे दिखी थीं सुनीता केजरीवाल।

सुनीता केजरीवाल ने गुरुवार को एक्स पर लिखा कि अब तक उनकी यही प्रार्थना रही है कि ईश्वर सबको सद्बुद्धि दे, लेकिन अब तानाशाह के विनाश की प्रार्थना करती रहेंगी। सुनीता केजरीवाल ने बुधवार को भी एक्स पर पोस्ट किया था और आरोप लगाया था कि पूरी व्यवस्था ये सुनिश्चित कर रही है कि उनके पति अरविंद केजरीवाल जेल से बाहर न आएं। सुनीता केजरीवाल ने इसे तानाशाही और आपातकाल के समान भी बताया था। सुनीता केजरीवाल के ताजा पोस्ट पर यूजर्स भी सामने आ गए। उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा। नीचे दिए गए एक्स पोस्ट के रिप्लाई सेक्शन में जाकर आप देख सकते हैं कि यूजर्स ने क्या-क्या लिखा।

वहीं, आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने कहा है कि उनकी पार्टी संसद में अरविंद केजरीवाल का मामला उठाएगी। आम आदमी पार्टी ने इसी मुद्दे पर आज संसद में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण का भी बहिष्कार किया है। अरविंद केजरीवाल को पहले ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था। अब सीबीआई ने शराब घोटाला मामले में पूछताछ के लिए गिरफ्तार किया है। सीबीआई ने कोर्ट में दावा किया था कि अरविंद केजरीवाल ने शराब घोटाला में अपनी सरकार में डिप्टी सीएम रहे मनीष सिसोदिया को जिम्मेदार बताया है और कहा है कि नई आबकारी नीति सिसोदिया ने बनाई और उनको कोई जानकारी नहीं थी। इस पर कोर्ट में ही अरविंद केजरीवाल ने खड़े होकर विरोध किया और कहा कि ऐसा उन्होंने नहीं कहा है। सीबीआई मीडिया में ये खबर प्लांट कर रही है। अरविंद केजरीवाल ने कोर्ट में कहा कि वो, मनीष सिसोदिया और आम आदमी पार्टी बेगुनाह हैं। इससे पहले ईडी ने अरविंद केजरीवाल को शराब घोटाला का किंगपिन बताया था। ईडी ने 9 समन भेजने और पेश न होने के बाद अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया था।