newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Indians In Ukraine: यूक्रेन से भारतीयों को निकालने का ‘ऑपरेशन गंगा’ हुआ तेज, अब बस इतने छात्रों को निकालना बाकी

विदेश मंत्रालय के मुताबिक हंगरी और रोमानिया के बाद अब पोलैंड और स्लोवाकिया के रास्ते भी भारतीयों को वापस लाया जाएगा। सरकार ने अगले 3 दिन में इसके लिए 26 उड़ानें भी तय कर दी हैं। वहीं, भारतीय वायुसेना का एक सी-17 विमान आज तड़के हिंडन बेस से रोमानिया भेज दिया गया है।

नई दिल्ली। यूक्रेन और रूस की जंग के बीच भारत दुनिया का अकेला देश है, जो अपने नागरिकों को वहां से निकाल रहा है। इस काम में अब और तेजी आई है। यूक्रेन में करीब 20000 भारतीय छात्र थे। इनमें से 12000 को निकाल लिया गया है। बाकी करीब 8000 छात्रों में से आधे पोलैंड, रोमानिया और हंगरी की सीमा की ओर ले जाए जा रहे हैं। जबकि, बाकी 4000 को रूस की सीमा के रास्ते लाने की तैयारी पूरी की जा रही है। बता दें कि यूक्रेन में कल ही रूस की बमबारी में एक भारतीय छात्र ने जान गंवा दी थी। इस घटना के बाद मोदी सरकार ने और तेज गति से छात्रों को वहां से निकालने का मन बना लिया है।

c-17

विदेश मंत्रालय के मुताबिक हंगरी और रोमानिया के बाद अब पोलैंड और स्लोवाकिया के रास्ते भी भारतीयों को वापस लाया जाएगा। सरकार ने अगले 3 दिन में इसके लिए 26 उड़ानें भी तय कर दी हैं। वहीं, भारतीय वायुसेना का एक सी-17 विमान आज तड़के हिंडन बेस से रोमानिया भेज दिया गया है। इस विमान से यूक्रेन को मानवीय सहायता भी भेजी गई है। इसमें टेंट, कंबल, सर्जिकल दस्ताने, आई गियर, पानी के टैंक, स्लीपिंग मैट, तिरपाल और दवाइयां हैं। कुल सामग्री करीब 2 टन है। आज ही एक और विमान से मानवीय सहायता भेजे जाने की उम्मीद है। मानवीय सहायता ले जा रहे विमान ही भारतीयों को वापसी में लेकर आएंगे।

scindia in romania

मंगलवार देर रात यूक्रेन से भारतीयों को लेकर ऑपरेशन गंगा की एक और उड़ान रोमानिया से दिल्ली पहुंची। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वतन लौटे छात्रों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि सरकार नागरिकों को यूक्रेन से निकालने के लिए हर तौर-तरीके अपना रही है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट पहुंच गए हैं। वहां पहुंचते ही उन्होंने हवाई अड्डे पर अफसरों के साथ बैठक कर भारतीयों को हर संभव मदद देने और उनके लिए भोजन और रहने की व्यवस्था के बारे में बैठक की।