newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Uttar Pradesh: किसानों को धान बेचने में ना हो किसी तरह की परेशानी, सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

Uttar Pradesh: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने नोडल अधिकारियों को जनपदों में जाकर धान क्रय केन्द्रों तथा गन्ना क्रय केन्द्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि नोडल अधिकारीगण सम्बन्धित जनपद के गो-आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं को देखे तथा विशेष वरासत अभियान के कार्यों का अनुश्रवण करें। उन्होंने नोडल अधिकारियों को किसानों से संवाद करने के निर्देश भी दिए हैं।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोडल अधिकारियों को जनपदों में जाकर धान क्रय केन्द्रों तथा गन्ना क्रय केन्द्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि नोडल अधिकारीगण सम्बन्धित जनपद के गो-आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं को देखे तथा विशेष वरासत अभियान के कार्यों का अनुश्रवण करें। उन्होंने नोडल अधिकारियों को किसानों से संवाद करने के निर्देश भी दिए हैं।

Farmer and CM Yogi Adityanath

मुख्यमंत्री यहां लोक भवन में एक उच्चस्तरीय बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नोडल अधिकारी जनपद स्तर पर विद्युत आपूर्ति व्यवस्था तथा किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सिंचाई सुविधा की समीक्षा करें। उन्होंने निर्देश दिए कि नोडल अधिकारी भ्रमण के पश्चात आगामी मंगलवार की सांयकाल तक अपनी रिपोर्ट शासन को उपलब्ध कराएं।

CM Yogi Adityanath

मुख्यमंत्री ने धान खरीद कार्य को पूरी सक्रियता से संचालित किए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि यह सुनिश्चित किया जाए कि धान क्रय केन्दों पर अपनी उपज बेचने में किसानों को कोई असुविधा न हो। किसानों से धान की खरीद में कोई विलम्ब नहीं होना चाहिए तथा उन्हें उपज के मूल्य का भुगतान 72 घण्टे के अन्दर सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

yogi

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत तेजी से आवास निर्माण कराए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए लक्ष्य के अनुरूप आवासों का निर्माण सुनिश्चित कराया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि 24 से 26 जनवरी, 2021 तक उत्तर प्रदेश दिवस का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर सम्पन्न किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के सम्बन्ध में समय से सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित किए जाने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि अन्तर्विभागीय समन्वय के साथ उत्तर प्रदेश दिवस का आयोजन किया जाए।

CM Yogi

मुख्यमंत्री ने कहा कि माघ मेला एक महत्वपूर्ण आयोजन है। इसे प्रयागराज कुम्भ-2019 की भांति स्वच्छता, सुरक्षा एवं सुव्यवस्था के उच्च मापदण्डों के आधार पर आयोजित किया जाए। उन्होंने माघ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं विशेषकर कल्पवासियों व साधु-संतों को सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।