
नई दिल्ली। संसद में इन दिनों वैसे तो मुख्तलिफ मुद्दों को लेकर विपक्षी दल केंद्र सरकार पर हमलावर हैं, लेकिन प्रमुख रूप से तवांग झड़प के मुद्दे पर विपक्ष सत्तापक्ष के खिलाफ अपनी आक्रमकता तीक्ष्ण कर चुका है। गत बुधवार को इस संदर्भ में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की अध्यक्षता में बैठक भी हुई थी। जिसमें इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस पर हमला करने की रूपरेखा तैयार की गई। सोनिया गांधी ने मोदी सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा था कि सीमा सुरक्षा के मुद्दे पर चर्चा कराने की मांग को लेकर हमेशा ही यह सरकार भागती रही है। वहीं इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी केंद्र पर हमलावर हैं। गत दिनों जयपुर में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान उन्होंने चीनी सैनिकों को मुंहतोड़ जवाब देने वाले भारतीय सैनिकों के संदर्भ में पिटाई शब्द का इस्तेमाल किया था, जिसे लेकर केंद्र की ओर से तीखी प्रतिक्रिया भी सामने आई थी। वहीं, अब विपक्षी दलों की ओर से की जा रही इन्हीं तीखी प्रतिक्रियाओं के बीच केंद्रीय कानून मंत्री किरण रिजिजू ने एक वीडियो सार्वजनिक किया है, जिसे लेकर उन्होंने केंद्र सरकार पर हमला बोला है। इस वीडियो में तत्कालीन मंत्री एके एंटनी क्या कह रहे हैं। आइए आपको इसके बारे में विस्तार से बताते हैं।
दरअसल, इस वीडियो में तत्कालीन मंत्री एके एंटनी चीन संग सीमा विवाद को लेकर संसद में अपनी बात कहते हुए नजर आ रहे हैं। वे कह रहे हैं कि स्वतंत्र भारत की यह नीति रही कि सीमा पर किसी भी प्रकार का विकास ना किया जाए, यह बचाव का सर्वाधिक उचित साधन रहा है। तत्कालीन मंत्री आगे कहते हैं कि, ‘अविकसित सीमाएं ही विकसित सीमाओं से बेहतर रही हैं। इसी वजह से इतने सालों तक सड़कों, एयरफील्ड्स का निर्माण नहीं हुआ, सीमावर्ती क्षेत्रों में कुछ भी नहीं हुआ। उस समय तक, चीन ने सीमावर्ती क्षेत्रों में अपने बुनियादी ढांचे का विकास करना जारी रखा। इसलिए अब वे हमसे आगे निकल गए हैं। इंफ्रास्ट्रक्चर के लिहाज से, क्षमता के लिहाज से सीमावर्ती इलाकों में चीन हमसे आगे है। मैं स्वीकार करता हूं। यह इतिहास का एक हिस्सा है।’
Can somebody show this Parliament video to Rahul Gandhi and Congres leaders?
Congress Policy since independence was not to develop the border areas because they believed that’s the best defence policy!#NewIndia under @narendramodi Ji is providing infrastructure to border people pic.twitter.com/SxjtgJmdY4— Kiren Rijiju (@KirenRijiju) December 21, 2022
ध्यान रहे, यह वीडियो ऐसे वक्त में जारी किया गया है, जब चीन और भारत के बीच सीमा पर विवाद चल रहा है। इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने मीडिया से मुखातिब होने के क्रम में सीमा विवाद पर कहा कि, ‘साल 2005 में जब हम विपक्ष में थे, तो हमने इसे मुद्दे को उठाया था। लेकिन, तत्कालीन सरकार हमारा अपेक्षित सहयोग नहीं किया। ध्यान रहे, कुछ दिनों पहले मेघालय में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व की सरकारों द्वारा सीमा की सुरक्षा में अपनाई गई नीतियों की आलोचना की गई थी।
अब इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री ने यह वीडियो साझा कर कांग्रेस पर निशाना साधा है। हालांकि इससे पहले भी केंद्रीय मंत्री ने ट्वीट साझा कर भारत चीन सीमा पर स्थिति स्थिर होने की पुष्टि की थी, लेकिन वह ट्वीट साल 2019 का था, जिसमें किरण रिजिजू खुद सैनिकों से गुफ्तगू करते हुए नजर आ रहे थे। बाद में किरण रिजिजू को अपने गलत ट्वीट की वजह विपक्षियों के आलोचनाओं शिकार होना पड़ा। आपको बता दें, गत 9 दिसंबर को अरूणाचल प्रदेश स्थित तवांग में भारत-चीन सैनिकों के बीच झड़प हुई थी।
इस झड़प में भारत के 4 तो चीन के 30 सैनिक घायल हो गए थे, जबकि भारतीय सैनिकों ने निर्धारित सीमाओं का अतिक्रमण करने के इरादे से आए 300 से अधिक सैनिकों को खदेड़ दिया था, जिसके बाद चीन ने अपनी ओर से जारी बयान में स्थिति के स्थिर होने की बात कही थी, लेकिन इस पूरे मसले पर भारत में सियासत गरमा गई है। वो भी ऐसे वक्त में जब संसद में शीतकालीन सत्र चल रहा है। संसद में इसे लेकर दोनों ही दलों के बीच वार-प्रतिवार का सिलसिला जारी है। अब ऐसी स्थिति में यह पूरा माजरा आगामी दिनों में क्या रुख अख्तियार करता है। इस पर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी।