newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

जासूसी के आरोप में पाक उच्चायोग के दो अधिकारी रंगे हाथ गिरफ्तार, देश छोड़ने का दिया गया आदेश

विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी करते हुए कहा है कि नई दिल्ली में पाकिस्तान के उच्चायोग के 2 अधिकारियों को आज भारतीय कानून प्रवर्तन अधिकारियों द्वारा जासूसी गतिविधियों में लिप्त होने के कारण गिरफ्तार किया गया था। सरकार ने उन्हें 24 घंटे के भीतर देश छोड़ने के लिए कहा है।

नई दिल्ली। दिल्ली में पाकिस्तान उच्चायोग के दो वीजा सहायकों को जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली के करोल बाग से रंगे हाथ पकड़े गए आबिद हुसैन और ताहिर हुसैन उच्चायोग के वीजा सेक्शन में काम करते हैं। विदेश मंत्रालय ने इस बात की जानकारी दी है।

खबरों के मुताबिक ये दोनों पाकिस्तानी खूफिया एजेंसी आईएसआई के संचालक हैं। विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी करते हुए कहा है कि नई दिल्ली में पाकिस्तान के उच्चायोग के 2 अधिकारियों को आज भारतीय कानून प्रवर्तन अधिकारियों द्वारा जासूसी गतिविधियों में लिप्त होने के कारण गिरफ्तार किया गया था। सरकार ने उन्हें 24 घंटे के भीतर देश छोड़ने के लिए कहा है।

विदेश मंत्रालय ने बताया कि दोनों को पर्सन नॉन ग्रेटा (अवांछित व्यक्ति) घोषित कर दिया गया है। अब दोनों को 24 घंटे के भीतर भारत छोड़ना होगा।

सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों अधिकारियों ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी की बात कुबूल कर ली है। दोनों अधिकारी गोपनीय दस्तावेज के एवज में उस व्यक्ति को भारतीय मुद्रा के अलावा आईफोन भी दे रहे थे। दोनों के पास फर्जी आधार कार्ड भी बरामद हुए हैं।