newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

कोरोना ने भले मचा रखा हो कोहराम, अच्छी खबर ये है कि नए मामलों की वृद्धि दर में आई है कमी

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में कोरोनावायरस मामलों में रोजाना होने वाली बढ़ोतरी में कमी दिख रही है।

नई दिल्ली। देश में कोरोनावायरस के नए मामलों की रोजाना वृद्धि दर में गिरावट दर्ज की गई है साथ ही रिकवरी रेट में सुधार हुआ है और यह अब 62.93 फीसदी हो गई है। यह जानकारी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से दी गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि कोरोना के ठीक हो चुके कुल मरीजों की संख्या मौजूदा संक्रमित लोगों की संख्या की करीब 1.8 गुना है।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में कोरोनावायरस मामलों में रोजाना होने वाली बढ़ोतरी में कमी दिख रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ओएसडी राजेश भूषण ने कहा कि अभी देश में कोरोना के 3,11,565 एक्टिव केस हैं जबकि अब तक 5,71,459 कोरोना संक्रमित मरीज ठीक हुए हैं। उन्होंने कहा कि देश में कोरोना के कुल मामलों में से 86 फीसदी सिर्फ 10 राज्यों तक सीमित हैं। इनमें से दो राज्य- महाराष्ट्र और तमिलनाडु में 50 फीसदी मामले हैं।

Puducherry cm CORONA test

वहीं, केंद्रीय स्वास्थय मंत्रालय ने मंगलवार को कहा है कि 20 राज्यों की रिकवरी दर राष्ट्रीय औसत 63 प्रतिशत से बेहतर है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने आगे बताया कि इस बीमारी के 86 प्रतिशत मामले 10 राज्यों तक ही सीमित हैं।

कोरोना वायरस की राष्ट्रीय मृत्यु दर 2.6 है और इसमें तेजी से कमी आ रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से यह भी बताया गया कि 22 राज्य दस लाख की आबादी पर कोरोना वायरस के लिए प्रतिदिन 140 से ज्यादा जांच कर रहे हैं।

Corona Test Kanpur

देश में कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की संख्या बढ़ रही है। भारत में प्रति 10 लाख जनसंख्या पर कोरोना मामलों की संख्या 657 है। हम दुनिया के उन देशों में से हैं जिनमें प्रति 10 लाख जनसंख्या पर कोरोना वायरस संक्रमण के मामले सबसे कम हैं।

भारत में प्रति 10 लाख जनसंख्या पर कोरोना के कारण होने वाली मौतों की संख्या 17.2 है जबकि कई अन्य देशों में यह भारत की तुलना में 35 गुना तक ज्यादा है।

corona test india

उत्तर प्रदेश में रिकवरी रेट 64 फीसदी है। ओडिशा में यह 67 फीसदी, असम में 65 फीसदी, गुजरात में 70 फीसदी और तमिलनाडु में कोरोना से ठीक होने की दर 65 फीसदी है।

अमेरिका में उपयोग में लाई जाने वाली दवाओं में 60 फीसदी दवाएं भारत में बनी हुई हैं। दुनिया में उपयोग में आने वाली वैक्सीन का 60 फीसदी भारत में बनता है।

फिर होगा कोरोना लॉकडाउन, स्वास्थ्य मंत्रालय ने दिया जवाब

कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ने के बीच देश में अनलॉक की प्रक्रिया भी चल रही है। देश में अधिकतर गतिविधियां शुरू हो गई हैं। हालांकि कोरोना के मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। लेकिन केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने देश में फिर से लॉकडाउन के कोई संकेत नहीं दिए हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय की मंगलवार की प्रेस कॉन्फ्रेंस में सवाल किया गया कि क्या देश में फिर से लॉकडाउन की जरूरत है? इस पर स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि सिर्फ कंटेनमेंट जोन में सख्ती किए जाने की जरूरत है। मंत्रालय का कहना है कि जिन शहरों में कोरोना के मामले कम थे, वहां सुस्ती दिखी और केस बढ़ने लगे। इसलिए उन स्थानों पर सख्ती करना महत्वपू्र्ण होगा जिन एरिया में कोरोना केस के कलस्टर दिख रहे हैं।