newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

UP जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के आ गए नतीजे, भाजपा की जीत से विरोधियों के हौसले पस्त, 75 में जीती 67 सीट

District Panchayat President Elections Results: इस चुनाव में मिली जीत को लेकर भाजपा आने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर काफी उत्साहित नजर आ रही है। बता दें कि अप्रैल महीने हुए जिला पंचायत सदस्य चुनाव में भाजपा का प्रदर्शन उतना शानदार नहीं रहा था।

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए हुए शनिवार(3 जुलाई) को हुए चुनाव के नतीजे आ गए हैं। इन नतीजों में भारतीय जनता पार्टी को दमदार जीत हासिल हुई है। बता दें कि आज जिन 53 जिलों में वोटिंग हुई उनमें संतकबीरनगर, आजमगढ़, एटा, बलिया, बागपत, जौनपुर और प्रतापगढ़ जिलो को छोड़कर भाजपा को सभी जिलों में जीत हासिल हुई है। वहीं 75 सीटों पर हुए इस चुनाव में 21 सीटों पर भाजपा नामांकन के दौर में ही निर्विरोध जीत दर्ज कर चुकी थी। गौरतलब है कि 3 जुलाई को हुए अध्यक्ष चुनाव के नतीजों में भाजपा ने 75 सीटों में पर कुल 67 सीटों पर जीत दर्ज की है। विधानसभा चुनाव से पहले हुए इस चुनाव में भाजपा पूरे नंबरों से पास होती दिखाई दे रही है। वहीं विपक्षी समाजवादी पार्टी (सपा) के उम्मीदवारों ने एटा, बलिया, संतकबीरनगर और आजमगढ़ में जीत हासिल की है।

इसके अलावा जौनपुर की सीट निर्दल प्रत्याशी के खाते में गई। बागपत में राष्ट्रीय लोक दल (RLD) और प्रतापगढ़ में जनसत्ता दल के उम्मीदवार की जीत हुई। इससे पहले जब नामांकन किया जा रहा था तो 22 जिलों में जिला पंचायत अध्यक्ष का निर्विरोध निर्वाचन हुआ था। जिसमें 21 सीटों पर बीजेपी और इटावा की सीट पर समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार को जीत हासिल हुई थी। इस तरह भाजपा 67 जिलों में, सपा 5 जिलों में और 1-1 सीट पर जनसत्ता दल, राष्ट्रीय लोकदल और एक सीट पर निर्दलीय को जीत मिली।

CM Yogi Adityanath

इस चुनाव में मिली जीत को लेकर भाजपा आने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर काफी उत्साहित नजर आ रही है। बता दें कि अप्रैल महीने हुए जिला पंचायत सदस्य चुनाव में भाजपा का प्रदर्शन उतना शानदार नहीं रहा था। ऐसे में खबरें चलीं कि पार्टी आलाकमान सीएम योगी के इस प्रदर्शन ने नाराज है। लेकिन अब जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में बंपर जीत से पार्टी काफी खुश नजर आ रही है।

जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में भाजपा की बंपर जीत पर उत्तर प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि, “पंचायत के चुनावों में भाजपा 75 में 67 सीटें जीती है। हम कार्यकर्ताओं के दम पर 2022 का भी चुनाव जीतेंगे। अपने ज़िला पंचायत अध्यक्ष जनता की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे। क्षेत्र पंचायत के चुनावों में भी भाजपा बड़ी जीत दर्ज़ करेगी”