newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

UP: कोरोना संकट में प्रवासियों को मंजिल तक ले जाने में दिन-रात सेवा दे रहा है यूपी रोडवेज

Uttar Pradesh Corona: देश में कोरोना के मामलों की बात करें तो गुरुवार को उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने जानकारी दी कि, पिछले 24 घंटे में COVID19 के 35,156 नए मामले सामने आए हैं।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम ने पिछले साल जिस तरह से कोरोना काल में प्रवासियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाने का दिन-रात काम किया, उसको लेकर उसकी खूब तारीफ हुई थी। ऐसे में इस साल भी कोविड महामारी में यूपी परिवहन ने प्रवासियों और दैनिक यात्रियों के लिए मददगार बनी हुई है। बता दें कि कोरोना महामारी के बीच उत्तर प्रदेश में निगम की नौ हजार बसें दैनिक यात्रियों के साथ दूसरे राज्यों से आ रहे प्रवासियों की साथी बनी हुई है। कोविड काल में प्रवासियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम का काम सराहनीय है। बता दें कि कोविड नियमों का पूरी तरह से यात्रियों से पालन कराते हुए उनको सुरक्षित यात्रा कराई जा रही है। इतना ही नहीं इस काम के बीच परिवहन निगम की 3 हजार बसों को पंचायत चुनावों में भी लगाया गया है।

UP bus kota

कोविड काल में जनता की सेवा को लेकर परिवहन निगम के महाप्रबंधक (पी/पीपीपी/आरटीआई) डीवी सिंह ने जानकारी दी कि कोविड की दूसरी लहर में जनता की सेवा में किसी भी प्रकार की कमी नहीं की जा रही है। जो भी प्रवासी आ रहे हैं, उनको उनके गंतव्य तक पहुंचाने में बस सेवा जुटी है। इस कार्य में 3000 सरकारी चालक-परिचालक लगाए गए हैं। वहीं संविदा के 18000 चालक और 15 हजार परिचालक अपने काम को पूरी सुरक्षा के साथ पूरा कर रहे हैं। चालक, परिचालक समेत बस अड्डों पर स्टेशन मास्टर से लेकर विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वाह करने में 55,000 कर्मचारी पूरी निष्ठा से लोगों को सुविधाएं देने में जुटे हैं।

कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए परिवहन निगम की बसों को सैनिटाइज कराने का काम भी पूरी एहतियात के साथ किया जा रहा है। किसी भी बस को बिना सैनिटाइज किए यात्रा के लिए नहीं भेजा जा रहा है। वहीं चालकों को डबल मास्क और ग्लब्स दिए गए हैं। मिली जानकारी के मुताबिक बस डिपो से निकलने पर बसों को सुबह ही सैनिटाइज किया जाता है। उसके बाद जितनी बार बसें डिपो में वापस आती हैं, उतनी बार उनको सैनिटाइज करके यात्रियों के लिए सुरक्षित किया जा रहा है।

UP Bus

प्रदेश में कोरोना के मामलों की बात करें तो गुरुवार को उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने जानकारी दी कि, पिछले 24 घंटे में COVID19 के 35,156 नए मामले सामने आए हैं। 25,613 लोग डिस्चार्ज हुए। प्रदेश में सक्रिय मामलों की संख्या 3,09,237 है। पिछले 24 घंटे में 258 लोगों की मृत्यु हुई है। कल प्रदेश में 2,25,312 सैंपल की जांच की गई।