newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Begusarai Violence: बिहार के बेगूसराय में दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान हिंसा, आगजनी और तोड़फोड़, पुलिसकर्मियों समेत कई घायल, 10 गिरफ्तार

बिहार में कानून और व्यवस्था की हालत खराब है। आए दिन लूटपाट और हत्या की घटनाएं यहां होती हैं। इसके अलावा पिछले कुछ समय से सांप्रदायिक हिंसा की घटनाओं को भी बिहार के लोगों ने देखा है। बिहार में एक बार फिर असामाजिक तत्वों ने माहौल खराब करने की कोशिश की।

बेगूसराय। बिहार में कानून और व्यवस्था की हालत खराब है। आए दिन लूटपाट और हत्या की घटनाएं यहां होती हैं। इसके अलावा पिछले कुछ समय से सांप्रदायिक हिंसा की घटनाओं को भी बिहार के लोगों ने देखा है। बिहार में एक बार फिर असामाजिक तत्वों ने माहौल खराब करने की कोशिश की। घटना बेगूसराय कर्पूरी चौक की है। यहां दुर्गा मूर्ति को विसर्जन के लिए ले जाया जा रहा था। तभी दो पक्षों में झड़प के बाद जमकर तोड़फोड़ और आगजनी की गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस पहुंची। पुलिस पर भी उपद्रवियों ने हमला किया। जिसमें कई पुलिसकर्मियों के भी घायल होने की खबर है। पुलिस ने 10 लोगों को हिंसा के सिलसिले में गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक बलिया थाना क्षेत्र के कर्पूरी चौक के पास जब दुर्गा प्रतिमा विसर्जन का जुलूस निकल रहा था, तभी कुछ लोगों ने पथराव किया। इससे दो समुदायों के बीच तनाव पैदा हो गया। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने इस हिंसा के लिए सीएम नीतीश कुमार को जिम्मेदार ठहराया है। गिरिराज सिंह ने कहा है कि नीतीश के इशारे पर ही ऐसी घटनाएं होती हैं।

देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। फिर पथराव, तोड़फोड़ और आगजनी की गई। दोनों पक्षों के बीच संघर्ष की जानकारी मिलने पर बेगूसराय के डीएम रोशन कुशवाहा, एसपी योगेंद्र कुमार मौके पर बड़ी तादाद में पुलिसबल लेकर पहुंचे। पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए लाठीचार्ज भी किया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी जुटाए हैं। इनके जरिए और आरोपियों की तलाश की जा रही है। एसपी के अनुसार दुर्गा मूर्ति विसर्जन यात्रा के दौरान अप्रिय घटना को रोकने के लिए इलाके में मीट की दुकानों को बंद कराया गया था। इन दुकानों के लोगों ने ही हिंसा भड़काने का काम किया। एसपी के मुताबिक घटना में शामिल आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

वहीं, बेगूसराय पुलिस के एक्स पर किए गए पोस्ट में बताया गया है कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस में शामिल अमित रस्तोगी नाम के शख्स ने खंबे में लगा दूसरे समुदाय का एक झंडा उतारा। जिसके बाद एक पक्ष ने पथराव किया और फिर दूसरे पक्ष ने भी उपद्रव किया। बेगूसराय पुलिस का कहना है कि इलाके में हालात सामान्य हैं। यहां बड़ी तादाद में पुलिस, एसपी, डीएम और अन्य अफसर हैं। बेगूसराय पुलिस इलाके में चप्पे-चप्पे पर तैनात है। ताकि हिंसा की किसी भी घटना को रोका जा सके।