newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Twin Tower Demolition: नोएडा में कल दोपहर गिराए जाएंगे सुपरटेक के ट्विन टावर, 7 बजे तक खाली करने होंगे लोगों को घर, इतने घंटे बंद रहेगा यमुना एक्सप्रेस-वे

नोएडा अथॉरिटी और पुलिस ने व्यापक तैयारी की है। दोनों बिल्डिंग कुतुबमीनार से करीब 100 मीटर ज्यादा ऊंची हैं। इस वजह से इन्हें गिराए जाने के दौरान काफी मलबा और धूल होने के आसार हैं। खतरे के कारण पास की दो सोसाइटी के फ्लैट ओनर्स को कल सुबह 7 बजे तक घर छोड़ने के लिए कहा गया है।

नोएडा। यूपी के नोएडा में सेक्टर 93 स्थित सुपरटेक बिल्डर्स के ट्विन टावर को कल यानी रविवार दोपहर 2.30 बजे विस्फोट कर गिराया जाएगा। इसके लिए नोएडा अथॉरिटी और पुलिस ने व्यापक तैयारी की है। दोनों बिल्डिंग कुतुबमीनार से करीब 100 मीटर ज्यादा ऊंची हैं। इस वजह से इन्हें गिराए जाने के दौरान काफी मलबा और धूल होने के आसार हैं। खतरे के कारण पास की दो सोसाइटी के फ्लैट ओनर्स को कल सुबह 7 बजे तक घर छोड़ने के लिए कहा गया है। इसके अलावा विस्फोट के वक्त कई सड़कों को भी बंद कर दिया जाएगा। ये ट्विन टावर सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर गिराए जा रहे हैं।

supertech twin tower 2

टावर में विस्फोटक के अलावा 10 ब्लैक बॉक्स भी लगाए जाएंगे। इनके जरिए टावर्स को गिराए जाने की पल-पल की जानकारी डिजिटल तरीके से रिकॉर्ड होगी। दोनों टावर गिराए जाने के बाद ब्लैक बॉक्स को मलबे से खोज निकालने के लिए जीपीएस तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। 25 अगस्त को ही ट्विन टावर गिराए जाने का ट्रायल किया जा चुका है। नोएडा अथॉरिटी की सीईओ ऋतु माहेश्वरी के मुताबिक ट्रायल में सबकुछ ठीक पाया गया, लेकिन फिर भी अथॉरिटी विस्फोट के दौरान किसी किस्म का चूक नहीं होने देना चाहती है।

वहीं, नोएडा पुलिस के डीसीपी सेंट्रल राजेश एस ने बताया कि ट्विन टावर को गिराए जाने से पहले ही यहां 400 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात कर दिए जाएंगे। इसके अलावा एनडीआरएफ की टीम के साथ 8 एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की 4 गाड़ियां भी रहेंगी। डीसीपी ने बताया कि 3 अस्पतालों में बेड भी रिजर्व किए गए हैं और किसी को अगर दिक्कत हुई, तो ग्रीन कॉरिडोर बनाकर उसे अस्पताल तक पहुंचाया जाएगा। यहां से 3100 गाड़ियां भी हटाई जाएंगी। साथ ही पुलिस हेल्प डेस्क भी बना रही है। जहां लोग अपनी दिक्कत बता सकेंगे। डीसीपी ने बताया कि विस्फोट के दौरान करीब 1 घंटे के लिए यमुना एक्सप्रेस-वे को बंद किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर इस समय को और बढ़ाया जा सकता है।