newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

IPL Auction : आईपीएल के लिए नीलामी आज, इन 405 खिलाड़ियों पर लगेगी बोली… ये स्टार प्लेयर हो सकते हैं तुरुप का इक्का

IPL Auction : ऑक्शन में शामिल होने वाली सभी 10 फ्रेंचाइजी के पास खिलाड़ियों को खरीदने के लिए सिर्फ 87 स्लॉट खाली हैं। यानी अधिकतम इतने ही खिलाड़ियों को खरीदा जा सकेगा।

नई दिल्ली। भारत में क्रिकेट के महाकुंभ की शुरुआत होने वाली है। दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग यानि इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के लिए बिगुल सही मायने में आज (23 दिसंबर) से ही बजने वाला है। अगले सीजन के लिए आज कोच्चि में मिनी ऑक्शन होगा। ये नीलामी दोपहर 2.30 बजे से शुरू होगी। इस बार मिनी ऑक्शन के लिए 405 खिलाड़ियों को शॉर्ट लिस्ट किया गया है, जिन पर सभी टीमें जमकर पैसे लुटाएंगी। इन सभी 405 खिलाड़ियों में से 273 प्लेयर्स भारतीय हैं, जबकि 132 खिलाड़ी विदेशी हैं, जिन पर फ्रेंचाइजीज बोली लगाएंगी। इन 132 में से 4 खिलाड़ी एसोसिएट देश से हैं। इन खिलाड़ियों में 119 कैप्ड प्लेयर हैं। जबकि अनकैप्ड खिलाड़ियों का नंबर 282 है।

ipl 2023 auctionआईपीएल की सभी 10 टीमों में 87 खिलाड़ियों के लिए जगह खाली

आपको बता दें कि ऑक्शन में शामिल होने वाली सभी 10 फ्रेंचाइजी के पास खिलाड़ियों को खरीदने के लिए सिर्फ 87 स्लॉट खाली हैं। यानी अधिकतम इतने ही खिलाड़ियों को खरीदा जा सकेगा। इनमें विदेशी खिलाड़ियों के स्लॉट अधितकम 30 हैं। हर एक फ्रेंचाइजी अपने स्क्वॉड में 25 खिलाड़ी ही रख सकती है, जिनमें अधिकतम 8 विदेशी खिलाड़ी हो सकते हैं।

वहीं गौर करने वाली बात ये है कि इस बार ऑक्शन में खिलाड़ियों का अधिकतम बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये हैं। इसमें 19 विदेशी प्लेयर हैं। 11 खिलाड़ियों की बेस प्राइस डेढ़ करोड़ रुपये है। इनके अलावा मयंक अग्रवाल और मनीष पांडे दो भारतीय खिलाड़ी उन 20 प्लेयर्स की लिस्ट में हैं, जिन्हें एक करोड़ रुपये की प्राइस वाली कैटेगरी में रखा गया है।

ipl aucutionयहां देखें नीलामी में किन खिलाड़ियों पर रहेंगी सभी की निगाहें

इस बार मिनी ऑक्शन में भारतीय स्टार खिलाड़ी अजिंक्य रहाणे, ईशांत शर्मा, मयंक अग्रवाल के अलावा विदेशी प्लेयर्स जो रूट, केन विलियमसन, शाकिब अल हसन, बेन स्टोक्स, सैम करन, लिटन दास, जेसन होल्डर जैसे बड़े नाम रहेंगे। पिछले सीजन तक इनमें से विलियमसन ने सनराइजर्स हैदराबाद और मयंक अग्रवाल ने पंजाब किंग्स की कप्तानी की थी. दोनों को उनकी फ्रेंचाइजी ने रिलीज कर दिया।

इस टीम के पास पर्स में सबसे ज्यादा पैसे

सनराइजर्स हैदराबाद के पास खिलाड़ियों को खरीदने के लिए सबसे ज्यादा 13 स्लॉट खाली हैं। साथ ही पर्स में भी उसके पास ही सबसे ज्यादा 42.25 करोड़ रुपये बाकी हैं। ऐसे में हैदराबाद टीम से बड़ी बोली की उम्मीद सबसे ज्यादा ही रहेगी. जबकि सबसे कम 5 स्लॉट दिल्ली कैपिटल्स के स्क्वॉड में खाली हैं। पैसों के मामले में कोलकाता नाइट राइडर्स टीम कंजूसी के साथ पैसे खर्च करेगी, क्योंकि उसके पर्स में सबसे कम 7.05 करोड़ बाकी हैं और उसे 11 खिलाड़ी खरीदने हैं।

नीलामी के लिए सभी 10 टीमों के वालेट में कितने रुपये और स्लॉट

सनराइजर्स हैदराबाद – 42.25 करोड़ (13 स्लॉट्स) पंजाब किंग्स- 32.2 करोड़ (9 स्लॉट्स) लखनऊ सुपर जाइंट्स- 23.35 करोड़ (10 स्लॉट्स) मुंबई इंडियंस- 20.55 करोड़ (9 स्लॉट्स) चेन्नई सुपर किंग्स- 20.45 करोड़ (7 स्लॉट्स) दिल्ली कैपिटल्स- 19.45 करोड़ (5 स्लॉट्स) गुजरात टाइटन्स- 19.25 करोड़ (7 स्लॉट्स) राजस्थान रॉयल्स- 13.2 करोड़ (9 स्लॉट्स) रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु- 8.75 करोड़ (7 स्लॉट्स) कोलकाता नाइट राइडर्स- 7.05 करोड़ (11 स्लॉट्स)