newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

America: केंटुकी राज्य में भीषण चक्रवात, 100 से ज्यादा लोगों ने गंवाई जान, हर तरफ तबाही का मंजर

केंटुकी के कम से कम 10 काउंटी में हर तरफ तबाही का मंजर दिख रहा है। अमेरिका के मिसोरी और टेनेसी में भी चक्रवात की खबरें हैं। पिछले कुछ सालों का ये सबसे खतरनाक चक्रवात बताया जा रहा है।

इलिनॉय। अमेरिका के केंटुकी राज्य में भीषण चक्रवात से 100 से ज्यादा लोगों के मरने की खबर है। चक्रवात से सैकड़ों अन्य घायल हुए हैं। केंटुकी के कम से कम 10 काउंटी में हर तरफ तबाही का मंजर दिख रहा है। अमेरिका के मिसोरी और टेनेसी में भी चक्रवात की खबरें हैं। पिछले कुछ सालों का ये सबसे खतरनाक चक्रवात बताया जा रहा है। केंटुकी के एक कारखाने, इलिनॉय में अमेजन का एक सेंटर, अरकंसास में नर्सिंग होम के अलावा घरों और इमारतों को चक्रवात से भारी नुकसान पहुंचा। हर तरफ पेड़-पौधे उखड़े पड़े हैं। केंटुकी के मेफील्ड में भी तमाम लोगों की मौत की खबर है। राज्य के गवर्नर एंडी बेशियर ने बताया कि हालात बहुत दुखद हैं। चक्रवात के वीडियो में भारी नुकसान दिख रहा है।

kentucky tornado

बेशियर ने मीडिया से कहा कि यह हमारे राज्य के इतिहास का सबसे खतरनाक और विनाश करने वाला चक्रवात है। बेशियर ने कहा कि मेफील्ड में मोमबत्ती बनाने की एक फैक्टरी भी चक्रवात की चपेट में आ गई। वहां करीब 110 लोग थे। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक राष्ट्रीय गार्ड के सदस्य और आपात के समय बचाव करने वाले कर्मी मेफील्ड पहुंच गए हैं। अमेरिका की संघीय सरकार ने कहा है कि केंटुकी, मिसोरी और टेनेसी में हालात का मुकाबला करने के लिए जरूरी होने पर सेना के दस्ते भी भेजे जाने पर विचार चल रहा है। मीडिया की खबरों के मुताबिक हालात इतने भयावह होने का अंदाजा नहीं था, लेकिन चक्रवात ने सबकुछ तहस-नहस कर दिया।

केंटुकी, मिसोरी और टेनेसी में तमाम घरों की छतें उड़ गईं। कई जगह लकड़ी से बने मकान धराशायी हो गए। चक्रवात की रफ्तार 200 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा थी। इससे हालात और बेकाबू हो गए। चक्रवात के साथ भारी बारिश होनी शुरू हुई। इससे भी बचाव के काम में बाधा पड़ी है। घरों में पानी भर गया है। हालात इतने विषम हैं कि बचाव दलों को घरों तक पहुंचने के लिए भी काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। अमेरिका की सरकार और राष्ट्रपति जो बाइडेन आज बैठक करने वाले हैं। इसमें चक्रवात प्रभावित राज्यों को संघीय सरकार की तरफ से मदद देने के बारे में विचार किया जाएगा। केंटुकी में आपातकाल का एलान भी किया गया है।