newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Ukraine Crisis: बाइडेन ने पुतिन से की लंबी बातचीत, लेकिन यूक्रेन पर युद्ध का संकट गहराया

यूक्रेन के साथ रूस के युद्ध का संकट और गहरा गया है। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन से फोन पर बात कर संकट टालने की कोशिश की, लेकिन इसमें उन्हें कामयाबी नहीं मिली है। बाइडेन ने पुतिन से कहा कि अगर जंग हुई, तो रूस को करारा जवाब मिलेगा।

मास्को। यूक्रेन के साथ रूस के युद्ध का संकट और गहरा गया है। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन से फोन पर बात कर संकट टालने की कोशिश की, लेकिन इसमें उन्हें कामयाबी नहीं मिली है। बाइडेन ने पुतिन से कहा कि अगर जंग हुई, तो रूस को करारा जवाब मिलेगा। इस पर रूस की ओर से अमेरिका को सनकी तक कह दिया गया है। बता दें कि रूस ने यूक्रेन की सीमा पर अपने एक लाख से ज्यादा जवानों को तैनात कर रखा है और काला सागर में उसकी नौसेना युद्धाभ्यास कर रही है। रूस चाहता है कि यूक्रेन किसी कीमत पर अमेरिका के नेतृत्व वाले नाटो संगठन का हिस्सा न बने।

ukraine

रूसी राष्ट्रपति के साथ बाइडेन की बातचीत के बाद रूस की संसद के विदेशी मामलों के सबसे बड़े सलाहकार यूरी युशाकोव ने कहा कि अमेरिका की सनक चरम पर है। उन्होंने कहा कि अमेरिका इतना सनका हुआ है कि वो अब यूक्रेन पर रूस के हमले की तारीख का एलान भी कर रहा है। मीडिया को अमेरिका की ओर से गलत जानकारी दी जा रही है। रूस इसे समझ नहीं पा रहा कि क्यों ऐसा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बाइडेन और पुतिन के बीच रविवार को बातचीत होनी थी। फिर अमेरिका ने शनिवार को बातचीत कर ली। उन्होंने बताया कि दोनों देशों ने संकट को टालने के लिए सभी स्तरों पर बातचीत जारी रखने का फैसला किया है।

Russia seizing Ukraine's ships

इस बीच, बाइडेन और पुतिन के बीच बातचीत के बाद अमेरिका ने यूक्रेन के अपने दूतावास को खाली करने का फैसला भी कर लिया। वहीं, ब्रिटेन के बाद जर्मनी ने भी अपने नागरिकों को यूक्रेन से लौट आने को कहा है। रूस ने भी यूक्रेन के दूतावास को खाली करने का फैसला किया है। इससे लग रहा है कि दोनों देशों के बीच जंग कभी भी छिड़ सकती है। पुतिन से बातचीत के बाद अमेरिकी रक्षा विभाग ने बताया कि रूस ने कोई आश्वासन नहीं दिया कि वो यूक्रेन पर हमला नहीं करेगा। काला सागर में भी रूस ने 30 जहाजों को उतारा है। फिलहाल हालत ये है कि तीन तरफ से रूसी सैनिकों से यूक्रेन घिरा हुआ है।