नई दिल्ली। बेरूत जैसा धमाका चीन के शांडोंग प्रांत में हुआ है। शांडोंग पूर्वी चीन के इलाके में पड़ता है। इस धमाके को लेकर अभी जानकारी सामने नहीं आ सकी है कि इसमें कितने लोग हताहत हुए हैं। लेकिन धमाका इतना तेज था कि आस-पास के कई घरों की छत उड़ गई है और घरों के शीशे भी टूट गए हैं। विस्फोट के बाद धुएं का विशाल गुबार देखा गया।
ग्लोबल टाइम्स ने ट्वीट किया कि पूर्वी चीन के शांडोंग प्रांत के जीनिंग में शनिवार सुबह एक विस्फोट हुआ। घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है। ग्लोबल टाइम्स के अनुसार घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि किसानों के सामान रखने की जगह पर धमाका हुआ था। बताया जा रहा है कि लकड़ी काटने के दौरान बिजली के तारों को नुकसान पहुंचा और आग लग गई। इससे धमाका हो गया।
#Breaking: An explosion occurred near a market in Jining, East China’s Shandong Province on Saturday morning. Casualty unknown. pic.twitter.com/XPgYy0kCHt
— Global Times (@globaltimesnews) August 15, 2020
धुएं के गुबार वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बता दें कि इससे पहले लेबनान की राजधानी बेरूत में भीषण धमाका हुआ था जिसमें अबतक 178 लोगों की मौत हुई है। अभी कई घायल लोग अस्पताल में भर्ती हैं। विस्फोट में कुल 5 हजार से अधीक लोग घायल हुए थे।
रिपोर्ट के मुताबिक बेरूत पोर्ट पर वेयर हाउस के अंदर 6 साल से 2,750 टन अमोनियम नाइट्रेट रखा हुआ था। धमाका इस अमोनियम नाइट्रेट की वजह से हुआ। विस्फोट इतना भीषण था 1.5 किमी दूर तक इसका असर दिखा था। लेबनान में हुए धमाके में 5 भारतीयों को भी मामूली चोटें आई थी।
बेरूत में हुए धमाके को लेकर लेबनान के राष्ट्रपति मिशेल एउन ने कहा कि 4 अगस्त को बेरूत में हुए विस्फोटों से 15 अरब डॉलर से अधिक का नुकसान हुआ है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, स्पेन के राजा फिलिप के साथ फोन पर बातचीत में एउन ने कहा, “प्राथमिक सूचना में कहा गया है कि बंदरगाह में हुई क्षति के अलावा हुआ नुकसान 15 अरब डॉलर से अधिक का है। वहीं विस्फोट से नष्ट हुए बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण के लिए भी सामग्री की आवश्यकता है।”
एउन ने राजा से कहा कि वह इस क्षेत्र में लेबनान को दिए गए हर समर्थन की सराहना करते हैं। राजा ने कहा है कि इस कठिन समय के दौरान स्पेन और अधिक सहायता भेजकर लेबनान की आबादी की मदद करना जारी रखेगा। बता दें कि 4 अगस्त को पोर्ट ऑफ बेरूत में हुए भीषण धमाकों ने बेरूत को हिला दिया। इसमें कम से कम 171 लोगों की मौत हो गई और 6,000 लोग घायल हुए। बता दें कि देश पहले ही आर्थिक संकट और कोविड-19 महामारी के कारण मुश्किल में है, उस पर यह विस्फोट लेबनान के लिए बड़ा झटका साबित हुए हैं।