newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Quad Summit: जापान पहुंचे PM नरेंद्र मोदी, भारतीय समुदाय ने किया जोरदार स्वागत; आज उद्योग जगत से कई बैठकें

जापान पहुंचने पर मोदी के स्वागत के लिए जो लोग मौजूद थे, उनमें कई बच्चे भी शामिल रहे। इन बच्चों में कई जापान के भी थे। इन्हीं जापानी बच्चों में से एक ने मोदी का स्वागत हिंदी भाषा में किया। मोदी इससे बहुत प्रभावित हुए। उन्होंने बच्चे से पूछा कि उसने इतनी अच्छी हिंदी कहां से सीखी।

टोक्यो। पीएम नरेंद्र मोदी जापान पहुंच गए हैं। बीती रात करीब 8 बजे दिल्ली से उन्होंने टोक्यो के लिए उड़ान भरी थी। टोक्यो में पीएम मोदी का जोरदार स्वागत किया गया। जापान में भारतीय समुदाय के लोग उनके स्वागत में बड़ी तादाद में मौजूद थे। भारतीयों के साथ ही जापान के लोग भी मोदी के स्वागत में पलक पांवड़े बिछाए हुए दिखे। मोदी के पहुंचते ही हर-हर मोदी और भारत माता की जय के नारे लगा रहे लोगों ने उन्हें जापान की धरती पर भारत का अहसास करा दिया। मोदी ने भी सभी लोगों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। मोदी का आज जापान के उद्योग जगत के बड़े नामों से मुलाकात का दौर है। कल वो भारत, जापान, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया के शासन प्रमुखों के साथ क्वॉड की बैठक में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा मोदी जापान के पीएम फुमियो किशिदा, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और ऑस्ट्रेलिया के नए पीएम एंथनी अल्बनीस से भी अलग-अलग बैठक करेंगे।

जापान पहुंचने पर मोदी के स्वागत के लिए जो लोग मौजूद थे, उनमें कई बच्चे भी शामिल रहे। इन बच्चों में कई जापान के भी थे। इन्हीं जापानी बच्चों में से एक ने मोदी का स्वागत हिंदी भाषा में किया। मोदी इससे बहुत प्रभावित हुए। उन्होंने बच्चे से पूछा कि उसने इतनी अच्छी हिंदी कहां से सीखी। मोदी ने उस बच्चे को ऑटोग्राफ भी दिया। इसके अलावा कई और बच्चों को भी मोदी ने दुलारा।

पीएम मोदी का जापान में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों से अलग से मिलने का भी प्रोग्राम है। जापान में करीब 40000 भारतीय प्रवासी रहते हैं। मोदी जिस भी देश के दौरे पर जाते हैं, वहां रहने वाले भारतीयों से मुलाकात जरूर करते हैं। इस दौरान मोदी-मोदी की गूंज हर जगह सुनाई देती है। इस बार भी जापान में उनके दौरे के वक्त ऐसा ही माहौल और उत्साह भारतीयों में देखने को मिल रहा है।