newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Ukraine Crisis: यूक्रेन की मदद पर ब्रिटेन से भड़का रूस, पुतिन ने कहा- अगर नो फ्लाई जोन बना तो…

शनिवार को इजरायल के पीएम नफ्ताली बेनेट ने मॉस्को पहुंचकर पुतिन से लंबी मुलाकात की। माना जा रहा है कि दोनों के बीच यूक्रेन में युद्ध खत्म करने पर चर्चा हुई। हालांकि, पुतिन कह चुके हैं कि जब तक यूक्रेन की सरकार उनकी मांगों को नहीं मानती, जंग जारी रहेगी।

मॉस्को/लंदन। यूक्रेन को सैन्य और आर्थिक मदद देकर ब्रिटेन अब रूस के निशाने पर आ गया है। रूस ने कहा है कि वो ये कभी नहीं भूलेगा कि ब्रिटेन ने यूक्रेन को इस तरह की मदद दी। वहीं, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने कहा है कि रूस पर लगे प्रतिबंध युद्ध की घोषणा के समान ही हैं। पुतिन ने फिर चेतावनी दी कि अगर किसी देश ने यूक्रेन में नो फ्लाई जोन का एलान किया, तो उसे युद्ध में शामिल होने जैसा माना जाएगा। पुतिन ने ये दावा भी किया कि उनका सैन्य अभियान ठीक चल रहा है और यूक्रेन के सैन्य ठिकानों को तबाह करने का काम रूसी सेना ने करीब-करीब पूरा कर लिया है। उधर, शनिवार को इजरायल के पीएम नफ्ताली बेनेट ने मॉस्को पहुंचकर पुतिन से लंबी मुलाकात की। माना जा रहा है कि दोनों के बीच यूक्रेन में युद्ध खत्म करने पर चर्चा हुई। हालांकि, पुतिन कह चुके हैं कि जब तक यूक्रेन की सरकार उनकी मांगों को नहीं मानती, जंग जारी रहेगी।

ब्रिटेन की तरफ से यूक्रेन की लगातार मदद किए जाने के बारे में रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने कहा कि इस मदद को रूस कभी नहीं भूलेगा। रूसी मीडिया के मुताबिक जखारोवा ने यूक्रेन में अति राष्ट्रवादी ताकतों की सरकार होने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधों के हिस्टीरिया में ब्रिटिश सरकार ने मुख्य न सही, लेकिन अहम रोल निभाया है। ऐसे में ब्रिटेन ने हमारे पास जवाबी उपाय उठाने के अलावा कोई विकल्प नहीं छोड़ा है। रूस से तनाव के बीच ब्रिटेन ने खुलकर यूक्रेन का समर्थन किया है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने यूक्रेन के लिए पैकेज का ऐलान करते हुए बताया था कि शरण लेने वालों के लिए बुनियादी जरूरतों की आपूर्ति और दवाओं, सीरिंज, ड्रेसिंग जैसी अन्य चिकित्सा आपूर्ति के लिए 40 मिलियन पाउंड का पैकेज भी जारी किया गया है। इससे पहले जॉनसन ने घोषणा की थी कि यूके बहुपक्षीय विकास बैंकों के माध्यम से यूक्रेन को 500 मिलियन डॉलर तक के ऋण की गारंटी देगा।

zelinsky

ब्रिटेन इसके साथ ही यूक्रेनी सेना को भी तमाम उपकरण दे रहा है। ऐसा करके रूस के खिलाफ युद्ध लड़ने के लिए ब्रिटेन ने यूक्रेन को मजबूत करना जारी रखा है। दूसरी तरफ, ब्रिटेन की गृह मंत्री प्रीति पटेल ने सरकार की ओर से यूक्रेनी नागिरकों के लिए पहले से घोषित परिवार वीजा योजना की औपचारिक रूप से शुरुआत भी कर दी। इस योजना के तहत यूक्रेनी मूल के ब्रिटिश नागरिक और ब्रिटेन में बसे यूक्रेनी नागरिक अपने यूक्रेनी रिश्तेदारों को बिना किसी वीजा शुल्क का भुगतान किए ब्रिटेन ला सकेंगे।