newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Russia vs Ukraine: रूस और यूक्रेन में से कौन है ज्यादा ताकतवर, जानिए क्या है दोनों देशों की सैन्य क्षमता

Russia vs Ukraine: रूस की तुलना में यूक्रेन की सेना बहुत छोटी है मगर उसके पास नाटो का साथ भी है। अमेरिका भी यूक्रेन की मदद के लिए तैयार खड़ा है। फिलहाल अमेरिका ने यूक्रेन के भीतर तो कोई सेना नहीं भेजी है

नई दिल्ली। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने आखिरकार यूक्रेन के खिलाफ जंग का एलान कर दिया। यूक्रेन में विद्रोहियों के नियंत्रण वाले दो इलाकों डोनेत्स्क और लुहांस्क को स्वतंत्र राज्य के तौर पर मान्यता देने के बाद राष्ट्रपति पुतिन ने ये कदम उठाया है। बता दें कि रूस ने यूक्रेन की सीमा और बेलारूस में 2 लाख सैनिक और हथियार इकट्ठा कर लिए हैं। इसके बाद अब रूसी सेनाएं यूक्रेन के दूसरे इलाकों को घेरने की तैयारी में हैं। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन पर हमले की पुष्टि की है। पुतिन ने बताया कि क्रूज और बैलेस्टिक मिसाइलों से यूक्रेन के शहरों को रूस निशाना बना रहा है। इस बीच यूक्रेन ने 5 रूसी जंगी जहाज मार गिराने का दावा किया है। रूस और यूक्रेन के बीच शुरू हुई जंग की भयावय तस्वीरें भी सामने आई हैं। रूस का दावा है कि उसने यूक्रेन के सैन्य ठिकानों और खाली इलाकों में बमबारी की है।

रूस की सैन्य ताकत

रूसी सेना ने अपने टैंक और गोला-बारुद के अलावा वायुसेना और नौसेना का सहयोग लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रूस ने यूक्रेन और उसके आस-पास के इलाकों में लगभग 2 लाख सैनिकों को तैनात किया है। रूसी सैनिकों को लेकर ब्रिटेन के रक्षा मंत्री ने दावा किया था कि, रूसी थल सेना के 60% सैनिक रूस और बेलारूस की सीमा के पास जुटे हुए हैं। रूस की सैन्य ताकत का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि ग्लोबलफायर पावर डॉट कॉम के अनुसार पावर इंडेक्स की सूची में रूस दुनिया के 140 देशों की सूची में दूसरे नंबर पर है। वहीं, यूक्रेन इस सूची में 22वें नबंर पर है। सैनिकों की बात करें तो, रूस के पास 9 लाख सक्रिय सैनिक हैं, तो वहीं यूक्रेन के पास केवल 2 लाख ही एक्टिव पर्सनल हैं। इसके अलावा रूस की पैरामिलिट्री फोर्स 2.50 लाख है, जबकि यूक्रेन के पास सिर्फ 50 हजार अर्धसैनिक बल ही हैं। लड़ाकू विमानों की बात करें तो रूस के 1500 विमानों के आगे यूक्रेन के पास केवल 98 विमान ही हैं। लड़ाकू टैंक की बात करें तो युक्रेन 2500 टैंकों पर सीमित है, वहीं रूसी के पास इसकी संख्या 12,000 से ज्यादा है।

ukraine

यूक्रेन की सैन्य ताकत

रूस की तुलना में यूक्रेन की सेना बहुत छोटी है मगर उसके पास नाटो का साथ भी है। अमेरिका भी यूक्रेन की मदद के लिए तैयार खड़ा है। फिलहाल अमेरिका ने यूक्रेन के भीतर तो कोई सेना नहीं भेजी है, मगर नेटो की सेना का हाथ मज़बूत करने के लिए 3,000 अतिरिक्त सैनिक भेजे हैं, और 8,500 अन्य सैनकों को अलर्ट पर रखा है। इसके अलावा अमेरिका ने 20 करोड़ डॉलर के हथियार भी यूक्रेन को सप्लाई किए हैं, जिनमें जेवलिन टैंक-रोधी मिसाइल और स्टिंगर लड़ाकू विमान-रोधी मिसाइल शामिल हैं। वहीं ब्रिटेन ने भी यूक्रेन की मदद के लिए 2,000 कम-दूरी के टैंक-रोधी मिसाइल भेजे हैं। इसके अलावा ब्रिटेन ने लड़ाकू विमानों को दक्षिणी यूरोप भेजा है और भूमध्यसागर की निगरानी के लिए एक नौसैनिक जहाज को भी नाटो के अन्य लड़ाकू जहाजों के साथ उतारा है। उसने 1,000 सैनिकों को भी अलर्ट मोड पर रखा है।