newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Astro Tips: दिन के हिसाब से लगाएंगे टीका तो खुल जाएगी बंद किस्मत, जानिए किस तिलक के लिए शुभ है कौन सा वार?

Astro Tips: मस्तक पर तिलक लगाने से एकाग्रता बढ़ने के साथ-साथ शरीर में सकारात्मक ऊर्जा प्रवेश करती है। ज्योतिष आचार्यों की मानें तो सप्ताह के दिनों के अनुसार तिलक लगाने से कई प्रकार के लाभ मिलते हैं। तो आइये जानते हैं कि किस दिन कौन सा तिलक लगाना लाभकारी होता है।

नई दिल्ली। भारतीय संस्कृति कई चीजों को शुभ प्रतीकों के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। उन्हीं में से एक है तिलक लगाने की परंपरा। प्राचीन काल से चली आ रही इस परंपरा का पालन कई लोग आज भी नियमित रूप से करते हैं। कहा जाता है कि तिलक लगाने से मन शांत रहता है। इसके वैज्ञानिक फायदे भी देखने को मिलते हैं। ऐसा माना जाता है कि मानव शरीर में सात चक्र होते हैं, जिसमें से आज्ञा चक्र मनुष्य के माथे के बीचों बीच स्थित होता है। ऐसे में मस्तक पर तिलक लगाने से एकाग्रता बढ़ने के साथ-साथ शरीर में सकारात्मक ऊर्जा प्रवेश करती है। ज्योतिष आचार्यों की मानें तो सप्ताह के दिनों के अनुसार तिलक लगाने से कई प्रकार के लाभ मिलते हैं। तो आइये जानते हैं कि किस दिन कौन सा तिलक लगाना लाभकारी होता है।

सोमवार

भगवान शंकर को समर्पित सोमवार के दिन सफेद चंदन का तिलक लगाने से चंद्र देव की कृपा प्राप्त होती है। ऐसा करने से मन काबू में रहता है। इसके अलावा इस दिन भस्म का तिलक लगाना भी शुभ होता है।

मंगलवार

भगवान हनुमान जी को समर्पित मंगलवार के दिन लाल चंदन का तिलक लगाना अच्छा माना जाता है। क्योंकि मंगल ग्रह को इस दिन का स्वामी माना जाता है और लाल रंग मंगल ग्रह से जुड़ा माना गया है।  इस दिन लाल तिलक लगाने से  व्यक्ति की कार्यक्षमता बढ़ने के साथ उसके सभी कार्य शुभ और सफलतापूर्वक साथ संपन्न होते हैं।

बुधवार

भगवान विघ्नहर्ता को समर्पित बुधवार के दिन सूखे सिंदूर का तिलक लगाना शुभ माना जाता है। ऐसा करने से बुद्धि के देवता माने जाने वाले भगवान गणेश की कृपा से बौद्धिक क्षमता तेज होने के साथ कार्य में आ रही बाधाएं दूर होती हैं।

गुरुवार

बृहस्पतिवार का दिन देव-गुरु बृहस्पति और भगवान विष्णु को समर्पित होता है। इस दिन सफेद चंदन में केसर मिला तिलक या हल्दी का तिलक लगाना काफी अच्छा माना जाता है। ऐसा करने से मानसिक बीमारियां दूर होती हैं साथ ही सकारात्मकता भी आती है।

शुक्रवार

ये दिन शुक्रदेव और माता लक्ष्मी को समर्पित होता है। इस दिन लाल चंदन लगाने मां लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं और भक्तों पर अपनी कृपा बरसाती हैं। इसके अलावा लाल चंदन तनाव को दूर करने में भी सहायक है।

शनिवार

शनिवार को शनिदेव और यमराज का दिन माना गया है। इस दिन भस्म या लाल चंदन का तिलक लगाना शुभ माना जाता है। ऐसा करने से भगवान भैरव भी प्रसन्न होकर भक्तों पर अपनी कृपा बरसाते हैं।

रविवार

रविवार का दिन सूर्यदेव और भगवान विष्णु को समर्पित होता है। इस दिन लाल चंदन का तिलक लगाना अच्छा माना जाता है। ऐसा करने से व्यक्ति की सोई हुई किस्मत जाग सकती है और रूके हुए काम बनने लगते हैं।