newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Corona: महाराष्ट्र और दिल्ली में तेजी से बढ़ा कोरोना, पश्चिम बंगाल भी पीछे नहीं

देश में कोरोना अपने विकराल रूप को बढ़ाता जा रहा है। खासकर महाराष्ट्र और दिल्ली में हालात संगीन हैं। इन दोनों जगह लॉकडाउन लगने के आसार बढ़ रहे हैं। सक्रिय मामले करीब पौने दो लाख हो गए हैं। उधर, ओमिक्रॉन वैरिएंट के मरीज भी बढ़कर 1940 हो गए हैं।

नई दिल्ली। देश में कोरोना अपने विकराल रूप को बढ़ाता जा रहा है। खासकर महाराष्ट्र और दिल्ली में हालात संगीन हैं। इन दोनों जगह लॉकडाउन लगने के आसार बढ़ रहे हैं। सक्रिय मामले करीब पौने दो लाख हो गए हैं। उधर, ओमिक्रॉन वैरिएंट के मरीज भी बढ़कर 1940 हो गए हैं। इनमें से 766 ठीक भी हो चुके हैं। ओमिक्रॉन के सबसे ज्यादा मरीज महाराष्ट्र, दिल्ली, केरल, राजस्थान, तमिलनाडु और गुजरात से हैं। कोरोना की बात करें, तो महाराष्ट्र में मंगलवार को 18466 नए मरीज मिले। 20 मरीजों की मौत हो गई। यहां ओमिक्रॉन के मरीजों की कुल संख्या भी 653 हो गई है। मुंबई में 10860 मरीज मिले हैं।

पश्चिम बंगाल में कोरोना के 9073 नए मरीज मिले और 3768 ठीक हुए। यहां 16 मरीजों की जान गई। कुल सक्रिय मामले 25000 से ज्यादा हैं। दिल्ली में कोरोना के 5481 नए मरीज मिलने से हड़कंप मच गया। यहां 3 मरीजों ने जान गंवाई। दिल्ली में कोरोना का पॉजिटिविटी रेट 8.37 फीसदी तक पहुंच गया है। यूपी में 992 नए कोरोना मरीज मिले हैं। यहां सक्रिय मामले 3173 हैं। उत्तराखंड में कोरोना के 310 नए केस मिले। यहां 111 मरीज ठीक हो गए। हिमाचल प्रदेश में कोरोना के 260 नए केस मिले। यहां कुल सक्रिय मामले 859 हैं।

corona

दक्षिण भारत की तरफ चलते हैं। कर्नाटक में कोरोना के 2479 नए मरीज मिले हैं। यहां 288 लोग डिस्चार्ज हुए। राज्य में पॉजिटिविटी रेट 2.59 फीसदी है। राज्य में ओमिक्रॉन का नया मामला नहीं मिला। यहां अब तक ओमिक्रॉन के 77 मरीज मिल चुके हैं। केरल में 3640 नए कोरोना मरीजों के मिलने से कुल सक्रिय मामले 20180 हो गए। यहां 30 मरीजों ने जान गंवाई। केरल में इस बीमारी की शुरुआत से अब तक 48637 लोगों की मौत हो चुकी है। देश के बाकी राज्यों में भी कोरोना पैर पसार रहा है। इससे हालात आने वाले दिनों में और गंभीर हो सकते हैं। आईआईटी कानपुर के प्रोफेसर मणींद्र अग्रवाल पहले ही भविष्यवाणी कर चुके हैं कि फरवरी में कोरोना का पीक आएगा और तब हर रोज करीब डेढ़ लाख मरीज मिल सकते हैं।