newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Corona: विदेश से आने वालों के लिए DGCA ने जारी की गाइडलाइन, जानिए यहां सबकुछ

अब तक तमाम देशों ने दक्षिण अफ्रीका, हांगकांग और अन्य देशों से यात्रा पर रोक लगाई है। इनमें इटली, ऑस्ट्रिया, फ्रांस, जापान, यूनाइटेड किंगडम, सिंगापुर, नीदरलैंड, माल्टा, मलेशिया, मोरक्को, फिलीपींस, दुबई, जॉर्डन, अमेरिका, कनाडा और तुर्की हैं।

नई दिल्ली। कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट की वजह से दुनियाभर में खौफ फैला है। भारत में भी खौफ की लहर दौड़ी है। इसे देखते हुए सरकार और उसकी एजेंसियां लगातार फैसले पर फैसले कर रही हैं। ताजा फैसले में में उड़ानों पर नजर रखने वाली डीजीसीए ने भारत आने वाले विदेशी यात्रियों के लिए नई गाइडलाइंस जारी की है। विदेशी यात्रियों को एयर सुविधा पोर्टल पर 14 दिन का डिक्लरेशन देना होगा। यात्री को बताना होगा कि बीते 14 दिन में किस किस देश की यात्रा करके वो भारत आ रहा है। यात्री को ये जानकारी भी देनी होगी कि भारत में वो कहां कहां जाएगा। ताकि उसकी कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग की जा सके। डीजीसीए ने सभी एयरपोर्ट्स के प्रशासन को लिखा है कि उनके यहां यात्रियों की आरटी-पीसीआर टेस्ट करने की सुविधा होनी चाहिए। साथ ही कोविड प्रोटोकॉल का पालन कराने पर खास ध्यान रखने के लिए कहा गया है। बता दें कि दक्षिण अफ्रीका में सबसे पहले ओमिक्रॉन वैरिएंट मिला था। वहां इसका पहला मरीज 24 नवंबर को सामने आया था। जिसके बाद दक्षिण अफ्रीका ने विश्व स्वास्थ्य संगठन WHO को इसकी जानकारी दी थी। जिसके बाद तमाम देशों ने विदेशियों की यात्रा पर रोक लगाई थी।

अमेरिका में आज से दक्षिण अफ्रीका और उसके आसपास के 7 देशों से यात्रा पर रोक लगा दी गई है। ये रोक अमेरिकी नागरिकों के वापस आने पर नहीं होगी। अमेरिकी नागरिकों और स्थायी निवासियों यानी ग्रीन कार्ड होल्डर्स को अपनी नेगेटिव कोरोना रिपोर्ट दिखानी होगी। अब तक तमाम देशों ने दक्षिण अफ्रीका, हांगकांग और अन्य देशों से यात्रा पर रोक लगाई है। इनमें इटली, ऑस्ट्रिया, फ्रांस, जापान, यूनाइटेड किंगडम, सिंगापुर, नीदरलैंड, माल्टा, मलेशिया, मोरक्को, फिलीपींस, दुबई, जॉर्डन, अमेरिका, कनाडा और तुर्की हैं।

corona virus

भारत ने भी 12 देशों से आने वालों पर कड़ी निगरानी का फैसला किया है। इन देशों से आने वालों को हर हाल में कोविड नेगेटिव रिपोर्ट दिखानी होगी। साथ ही इन देशों के यात्रियों को भारत आने पर क्वारंटीन भी रहना होगा। बता दें कि डेल्टा वैरिएंट भी अभी विदेश में हाहाकार मचा रहा है। ऐसे में भारत ने भी पहले ही कड़े कदम उठा लिए हैं।