newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Yogi Adityanath Lashed Out at Indi Alliance : कुरुक्षेत्र की धरती से यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने इंडी गठबंधन पर चलाए शब्दों के तीर

Yogi Adityanath Lashed Out at Indi Alliance : योगी बोले, अभी तो बीजेपी की सरकार ने नागरिकता संशोधन कानून लागू किया है और अभी से ही कांग्रेस के पेट में दर्द होने लगा है। वहीं कांग्रेस की सहयोगी आम आदमी पार्टी जिसका गठन अन्ना हजारे के अभियान से हुआ था, जो भ्रष्टाचार और कांग्रेस के खिलाफ था। आज उसी कांग्रेस के साथ मिलकर आम आदमी पार्टी के नेता देश को लूटने के लिए चले हैं।

नई दिल्ली। यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने आज हरियाणा के कुरुक्षेत्र में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर शब्दों के तीर चलाए। इस दौरान उन्होंने इंडी गठबंधन के तहत हरियाणा में कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही आम आदमी पार्टी को भी निशाने पर लिया।

यूपी सीएम बोले, अभी तो बीजेपी की सरकार ने नागरिकता संशोधन कानून लागू किया है और अभी से ही कांग्रेस के पेट में दर्द होने लगा है। कांग्रेस इसका विरोध कर रही है। पीड़ित मानवता की सेवा भारत नहीं करेगा तो कौन करेगा? योगी ने कहा इनके अंदर दुर्योधन की आत्मा प्रवेश कर गई है इसीलिए कांग्रेस कहती है आरक्षण पर पहला हक मुसलमानों का है।

योगी बोले, एक तरफ बीजेपी है जो देश को सुरक्षा और सम्मान दे रही है वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस और उसकी सहयोगी आम आदमी पार्टी। यूपी के मुख्यमंत्री ने कहा आम आदमी पार्टी का गठन अन्ना हजारे के अभियान से हुआ था, जो भ्रष्टाचार और कांग्रेस के खिलाफ था। आज उसी कांग्रेस के साथ मिलकर आम आदमी पार्टी के नेता देश को लूटने के लिए चले हैं।

पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का नाम लिए बिना योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस के एक पूर्व प्रधानमंत्री कहते थे कि हम दिल्ली से 100 पैसा भेजते हैं लेकिन राज्यों तक सिर्फ 15 पैसा ही पहुंच पाता है। योगी बोले, 85 पैसा कांग्रेस के दलाल खा जाते थे। आज मोदी जी ने हर गरीब का खाता खोल दिया, जिससे उसके हक का पैसा सीधे उसके खाते में जा रहा है।

इससे पहले चंडीगढ़ में एक रैली को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चार चरणों के चुनाव संपन्न हो चुके हैं और देश अभी से निश्चिंत है। परिणाम के बारे में जनता जनार्दन ने तय कर लिया है फिर एक बार मोदी सरकार और अबकी बार 400 पार।