newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

PM Modi Attacks Congress: ‘ये नया भारत डोजियर नहीं देता घर में घुसकर मारता है’, पलामू की जनसभा में पीएम मोदी बोले- आतंकी हमले पर कांग्रेस की सरकार दुनियाभर में रोती थी

PM Modi Attacks Congress: मोदी ने कहा कि कांग्रेस के समय बम धमाके होते थे। निर्दोष मारे जाते थे। कांग्रेस की सरकार पाकिस्तान को लव लेटर भेजती थी। पाकिस्तान जितने ज्यादा नेता जाते थे, उससे ज्यादा आतंकी भेजता था। खून की होली खेलता था। आपके एक वोट ने भारत को मजबूत कर दिया।

पलामू। पीएम नरेंद्र मोदी ने बीजेपी के लिए प्रचार की कमान संभाल रखी है। इसी कड़ी में मोदी ने शनिवार को झारखंड के पलामू में एक जनसभा को संबोधित किया। मोदी ने यहां अपनी सरकार के दौरान देश की ताकत बढ़ने की बात कही। मोदी ने कहा कि कांग्रेस के समय बम धमाके होते थे। निर्दोष मारे जाते थे। कांग्रेस की सरकार पाकिस्तान को लव लेटर भेजती थी। पाकिस्तान जितने ज्यादा नेता जाते थे, उससे ज्यादा आतंकी भेजता था। खून की होली खेलता था। मोदी ने कहा कि आपके वोट ने मुझमें इतना दम भरा कि अब बहुत हो गया और मां भारती का अपमान नहीं सहूंगा। मोदी ने कहा कि ये नया भारत डोजियर नहीं देता, घर में घुसकर मारता है। उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक के तमाचे ने पाकिस्तान को हिलाकर रख दिया।

मोदी ने कहा कि पहले कोई दिन ऐसा नहीं था, जब हमारे नौजवान सीमा पर शहीद न होते हों। आपके वोट की ताकत से ये बंद हो गया। एक वक्त था, जब आतंकी हमले के बाद कांग्रेस की सरकार दुनियाभर में जाकर रोती थी। अब पाकिस्तान दुनिया में रो रहा है। बचाओ-बचाओ चिल्ला रहा है। मोदी ने कहा कि आज पाकिस्तान के नेता शहजादे (राहुल गांधी) को पीएम बनाने की दुआ कर रहे हैं। भारत अब मजबूत सरकार चाहता है और इसके लिए मोदी सरकार चाहिए। मोदी ने कहा कि आपके एक वोट की ताकत से दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। उन्होंने कहा कि आपके वोट की ताकत देखिए कि जो 370 की दीवार थी, उसे जमींदोज कर दिया। आए दिन झारखंड, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश के तिरुपति तक नक्सलवाद धरती को लहू-लुहान करता था। पाल पोसकर बढ़ा हुआ बेटा गलत संगत में बंदूक उठाकर जंगलों में भाग जाता था। आपके एक वोट ने कितनी ही माताओं के बच्चों को बचा लिया और नक्सलवाद से मुक्ति दिला दी।

मोदी ने अपनी जनसभा में इससे पहले ये भी कहा कि आपने कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा को दिन में ही तारे दिखा दिए। उन्होंने कहा कि ये शहीद नीलांबर और पीतांबर की धरती है। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि आपके आशीर्वाद से मदी पर एक पैसे के घोटाले का भी आरोप नहीं लगा। मैं आज भी पद, प्रतिष्ठा और सुख-समृद्धि से दूर वैसा ही हूं, जैसा आपने मुझे भेजा था। उन्होंने कहा कि मोदी मौज नहीं, मिशन के लिए पैदा हुआ है। मोदी ने विपक्ष के गठबंधन पर हमला बोला और कहा कि जेएमएम और कांग्रेस के नेताओं ने भ्रष्टाचार से अपार संपदा खड़ी की। संपत्त और राजनीति अपने बच्चों के लिए ये अर्जित कर रहे हैं। विरासत में सारी काली कमाई छोड़कर जाएंगे। उन्होंने कहा कि आपके वोट की ताकत से राम मंदिर बना। मोदी ने कहा कि आज जब लाभार्थियों से मिलता हूं, तो खुशी के आंसू आ जाते हैं। ये आंसू वही समझ सकता है, जिसने गरीबी देखी। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के शहजादे मोदी के आंसुओं में खुशी ढूंढ रहे हैं। कहते हैं कि मोदी के आंसू अच्छे लगते हैं। फिर उन्होंने कहा कि जाके पांव न फटी बिवाई, सो क्या जाने पीर पराई। कांग्रेस के शहजादे की हालत वही है।