
नई दिल्ली। कई दिनों के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार आज यूपी की रायबरेली सीट से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में राहुल गांधी ने नामांकन दाखिल कर दिया। राहुल गांधी के नामांकन के समय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस महासचिव और उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और प्रियंका के पति रॉबर्ट वाड्रा भी मौजूद रहे। वहीं अमेठी से कांग्रेस के किशोरी लाल शर्मा ने पर्चा भरा। इसके साथ ही यूपी की इन दो वीआईपी सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी के नाम को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लग गया।
इससे पहले ऐसी चर्चा थी कि राहुल गांधी एक बार फिर अमेठी से चुनाव लड़ेंगे और रायबरेली से प्रियंका गांधी वाड्रा अपनी मां सोनिया की विरासत को संभालेंगी। लेकिन ऐन वक्त पर कांग्रेस ने राहुल को रायबरेली से प्रत्याशी घोषित कर दिया। वहीं इस मामले पर कांग्रेस नेता जयराम रमेश के सोशल मीडिया पोस्ट से प्रियंका गांधी को लेकर कुछ ऐसा लिखा जिससे एक बार फिर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया।
राहुल गांधी जी की रायबरेली से चुनाव लड़ने की खबर पर बहुत सारे लोगों की बहुत सारी राय हैं।
लेकिन वह राजनीति और शतरंज के मंजे हुए खिलाड़ी हैं। और सोच समझ कर दांव चलते हैं। ऐसा निर्णय पार्टी के नेतृत्व ने बहुत विचार विमर्श करके बड़ी रणनीति के तहत लिया है। इस निर्णय से BJP, उनके…
— Jairam Ramesh (@Jairam_Ramesh) May 3, 2024
जयराम ने लिखा कि प्रियंका जी धुआँधार प्रचार कर रही हैं। इसीलिए यह ज़रूरी था कि उन्हें सिर्फ़ अपने चुनाव क्षेत्र तक सीमित ना रखा जाए। प्रियंका जी तो कोई भी उपचुनाव लड़कर सदन पहुँच जायेंगी। ऐसे में अब कयास ये लगाए जा रहे हैं कि राहुल गांधी अगर रायबरेली और वायनाड दोनों सीटों से चुनाव लड़ते हैं तो उन्हें एक सीट छोड़नी पड़ेगी। ऐसे में राहुल रायबरेली सीट छोड़ सकते हैं और यहां से उपचुनाव में प्रियंका को पार्टी उम्मीदवार बना सकती है। इससे प्रियंका के लिए जमीन भी तैयार हो जाएगी।
#WATCH | Uttar Pradesh: Congress General Secretary Priyanka Gandhi Vadra says “I am in a rush because I have to leave for Raebareli to attend the nomination filing of ‘bhaiya’ (Rahul Gandhi). Kishori Lal Sharma is going to contest from Amethi and you know him for 40 years. He is… pic.twitter.com/xU9spBqpyT
— ANI (@ANI) May 3, 2024
वहीं इससे पहले अमेठी के कांग्रेस प्रत्याशी किशोरी लाल शर्मा के नामांकन जुलूस में प्रियंका गांधी भी शामिल हुईं। इस दौरान प्रियंका गांधी ने कहा, किशोरी लाल शर्मा अमेठी से चुनाव लड़ने जा रहे हैं और आप उन्हें 40 साल से जानते हैं। वह अमेठी के मुद्दों से अच्छी तरह वाकिफ हैं। हम साथ मिलकर लड़ेंगे और किशोरी लाल शर्मा की जीत सुनिश्चित करेंगे।