newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Adipurush Controversy: विवादों के बीच फंसे मनोज मुंतशिर को याद आई ‘मां’, चलाए शब्दों के तीर, कहा- ‘तारीफ सुनना अच्छा…’

Adipurush Controversy: फिल्म को लेकर बढ़ते विवाद के कारण फिल्म के मेकर्स ने डायलॉग्स को बदलने का निर्णय लिया है। लेकिन इसके बावजूद भी ‘आदिपुरुष’ पर विवाद थमने का नाम ही नहीं ले रहा। लोग इस फिल्म के मेकर्स पर हिन्दू भावनाओं को आहत करने और पौराणिक संस्कृति से छेड़छाड़ करने का आरोप लगा रहे हैं।

नई दिल्ली। ओम राउत की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘आदिपुरुष’ अपनी रिलीज से बाद से लगातार विवादों में है। देश भर में फिल्म को लेकर कड़ी आलोचना हो रही है। रिलीज होने के कुछ देर बाद से ही ये फिल्म अपने स्तरहीन संवाद और रामायण के मूल तथ्यों से छेड़छाड़ करने के कारण सवालों के घेरे में आ गई। अपने आराध्य भगवानों के मुंह से ऐसी भाषा का इस्तेमाल देख दर्शक भड़क गए। हालांकि फिल्म को लेकर बढ़ते विवाद के कारण फिल्म के मेकर्स ने डायलॉग्स को बदलने का निर्णय लिया है। लेकिन इसके बावजूद भी ‘आदिपुरुष’ पर विवाद थमने का नाम ही नहीं ले रहा। लोग इस फिल्म के मेकर्स पर हिन्दू भावनाओं को आहत करने और पौराणिक संस्कृति से छेड़छाड़ करने का आरोप लगा रहे हैं। इन सब विवादों के बीच अब इस फिल्म के संवाद लेखक मनोज मुंतशिर शुक्ला ने अपने सोशल मीडिया पर एक कविता शेयर की है।

मनोज मुंतशिर ने कविता शेयर कर कैप्शन में लिखा है ‘मां से खूबसूरत कौन हो सकता है।’ ये वीडियो हालांकि पुरानी है। इसमें मनोज मुंतशिर मां की सुंदरता का बखान कर रहे हैं। कविता की एक लाइन में मुंतशिर कहते हैं- ‘मां को भी तारीफ़ सुनना अच्छा अच्छा लगता है।’ मनोज की इस लाइन को लोग ‘आदिपुरुष’ कॉन्ट्रोवर्सी से जोड़ कर देख रहे हैं। लोगों का मानना है कि इस कविता के सहारे लोगों से उनकी तारीफ करने का आग्रह कर रहे हैं और शब्दों के जाल बुन कर डैमेज कन्ट्रोल करने की कोशिश कर रहे हैं।

हालांकि ये पहली बार नहीं है जब मनोज ने ऐसा किया हो। इससे पहले आदिपुरुष विवाद के बाद मनोज मुंतशिर ने ट्वीट किया था कि मेकर्स ने निर्णय लिया है कि फिल्म के विवादित संवाद बदले जाएंगे। लेकिन इसके साथ ही मनोज ने ये भी लिखा था कि- ‘फिल्म की 4000 से अधिक पंक्तियां मैंने लिखी। बस जो 5 पंक्ति आपको पसंद नहीं आई उसके लिए अगर आलोचनाएं मिल रही हैं तो फिर बाकि पंक्तियां जहां मैंने श्री राम का यशगान किया या माता सीता के सतीत्व का वर्णन किया उसके लिए तारीफें भी मिलनी चाहिए थी।’

आपको बता दें कि आदिपुरुष में अपने लिखे संवादों के चलते मनोज मुंतशिर को लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ रहा है। लेखक को सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया जा रहा है। उनके लिखे डायलॉग्स को स्तरहीन और घटिया बताया जा रहा है। फिल्म की कमाई की बात करें तो विवादों के कारण फिल्म की कमाई में भारी गिरावट दर्ज की गई है। जिसे देखते हुए फिल्म के आगे का सफर बेहद कठिन नजर आ रहा है।