newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Vivek Agnihotri: विवेक अग्निहोत्री ने बताया, क्या वो कॉफी विद करण के शो में मेहमान बनकर जायेंगे

Vivek Agnihotri: विवेक अग्निहोत्री ने बताया, क्या वो कॉफी विद करण के शो में मेहमान बनकर जायेंगे लेकिन सवाल उठता है कि अगर कॉफी विद करण शो में विवेक अग्निहोत्री को बुलाया जाए तो क्या वो वहां जायेंगे ? विवेक इस बारे में क्या सोचते हैं यहां हम यही बताने का प्रयास करेंगे।

नई दिल्ली। द कश्मीर फाइल्स (The Kahmir Files) से दर्शकों के दिल में बैठ जाने वाले विवेक रंजन अग्निहोत्री (Vivek Ranjan Agnihotri) ने करण जौहर (Karan Johar) के शो कॉफी विद करण (Koffee With Karan) में जाने को लेकर अपनी बात सामने रखी है। निर्देशक विवेक अग्निहोत्री (Vivek Agnihotri) अक्सर अपनी फिल्म और बॉलीवुड (Bollywood) को लेकर चर्चा करते रहते हैं। मुखर होकर बोलने वाले विवेक बॉलीवुड से बिल्कुल भी डरते नहीं हैं क्योंकि वो एक स्वतंत्र फ़िल्मकार हैं। वो खुद को जनता का फिल्मकार मानते हैं और जनता के लिए ही फिल्मों का निर्माण करते हैं। द कश्मीर फाइल्स के आने के बाद भारत की बहुसंख्यक आबादी विवेक अग्निहोत्री को एक बेहतरीन फिल्मकार मानती है। वहीं ज्यादातर दर्शकों ने करण जौहर को नापसंद करना शुरू कर दिया है। इसके अलावा करण जौहर के शो कॉफी विद करण पर भी कई आरोप लगते रहते हैं। खुद विवेक भी कई बार कॉफी विद करण शो के बारे में टिप्पणी कर चुके हैं। लेकिन सवाल उठता है कि अगर कॉफी विद करण शो में विवेक अग्निहोत्री को बुलाया जाए तो क्या वो वहां जायेंगे ? विवेक इस बारे में क्या सोचते हैं यहां हम यही बताने का प्रयास करेंगे।

मौका और दस्तूर था ब्रूट (Brut) चैनल को दिए गए इंटरव्यू का। जहां विवेक अग्निहोत्री ने बॉलीवुड और बॉलीवुड फिल्मों (Bollywood Movie) के विषय में जमकर बातचीत की। उन्होंने बताया की आखिर क्यों बॉलीवुड पीछे जा रहा है। क्यों जनता बॉलीवुड से नाराज़ है। बॉलीवुड में नेपोटिस्म कब आया। इन सब मुद्दों पर विवेक अग्निहोत्री ने खुलकर बात की और जब उनसे ये पूछा गया की अगर आपको कॉफी विद करण शो में मेहमान बनकर जाना पड़े तो क्या आप जायेंगे ? जिसके जवाब में विवेक ने कहा –

“ये निर्भर करता है लेकिन जिस तरह का शो वो अभी है, मैं बिल्कुल भी नहीं जाऊंगा। मैं उस शो के लिए बिल्कुल भी योगदान नहीं दे पाऊंगा। मैं अब अपने जीवन के मध्य में हूं, मेरे दो बच्चे हैं। सेक्स मेरे लिए प्राथमिक विषय नहीं है। मैं वहां पर बैठकर बहुत अजीब महसूस करूंगा क्योंकि वो शो काफी बनावटी है।”

विवेक अग्निहोत्री ने ब्रूट के पत्रकार से बात करते हुए ये भी कहा कि मैं आपके सामने बात कर रहा हूं आप मुझसे किसी भी विषय पर बात कर लीजिए। सेक्स पर कर लीजिए या किसी अन्य विषय पर कर लीजिए। उसमें समस्या नहीं है। लेकिन अगर बात करने का केंद्रीय विषय सिर्फ वही हो तो मैं बहुत आध्यात्मिक व्यक्ति हूं मैं उसी विषय पर केंद्रित होकर बात नहीं कर सकता हूं। मेरी जिंदगी सिर्फ इन्हीं सब विषय के बीच नहीं घूमती है कि किसने किसको क्या कहा, किसने क्या किया | मैं मानता हूं कि वो एक बकवास कार्यक्रम है। जो शो वो कर रहे हैं उससे कोई भी जुड़ाव महसूस नहीं करता है। वो अपने दोस्तों के लिए शो करते हैं।

इसके अलावा जब विवेक से पूछा गया कि आखिर क्यों कॉफी विद करण शो को अधिक लोग देखते हैं जिस पर विवेक ने जवाब दिया कि कौन लोग उसे देखते हैं ? उसे सिर्फ कुछ मीडिया पर्सन, सेलेब्रिटी और फैशन शो वाले देखते हैं। वो कोई लोकप्रिय शो नहीं है। उन्होंने बताया की वो इतने वर्ष से इसलिए चल रहा है क्योंकि करण जौहर शक्तिशाली व्यक्ति हैं। अगर मैं भी उनके जैसा शक्तिशाली होता तो मैं शायद अब तक 80 सीजन कर चुका होता। (ये बात विवेक ने मुस्कुराते हुए कही)