newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

पाकिस्तान में भारतीय उच्चायोग के दो अधिकारी लापता, तलाश जारी

पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग में कार्यरत दो अधिकारी बीते दो घंटे से लापता हैं। भारत ने इस मामले को लेकर चिंता जताई है और इस बारे में पाकिस्तानी अधिकारियों से बात की है।

नई दिल्ली। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग में कार्यरत दो अधिकारी बीते दो घंटे से लापता हैं। भारत ने इस मामले को लेकर चिंता जताई है और इस बारे में पाकिस्तानी अधिकारियों से बात की है।

indian high commission in pakistan

सूत्रों के अनुसार विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान के सामने भारतीय अधिकारियों के लापता होने (इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग में कार्यरत) के मामले को उठाया है। हालांकि इसपर अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

इससे पहले पाकिस्तान में भारतीय राजनयिक के उत्पीड़न का मामला सामने आया था। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में मौजूद भारतीय राजनयिक गौरव आहलूवालिया को परेशान करने की कोशिश की गई। 31 मई को आईएसआई के लोगों ने बाइक से उप उच्चायुक्त गौरव अहलूवालिया का पीछा किया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया था।

गौरव अहलूवालिया को डराने की कोशिश भी की जा रही थी। यही नहीं ISI ने गौरव अहलूवालिया का उत्पीड़न करने और उन पर नजर रखने के लिए उनके आवास के बाहर कई कारों और बाइकों का जमावड़ा लगा हुआ था।

इससे पहले जासूसी के आरोप में पाक उच्चायोग के दो अधिकारी हुए थे गिरफ्तार

दिल्ली में पाकिस्तान उच्चायोग के दो वीजा सहायकों को जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली के करोल बाग से रंगे हाथ पकड़े गए आबिद हुसैन और ताहिर हुसैन उच्चायोग के वीजा सेक्शन में काम करते हैं। विदेश मंत्रालय ने इस बात की जानकारी दी है।

खबरों के मुताबिक ये दोनों पाकिस्तानी खूफिया एजेंसी आईएसआई के संचालक हैं। विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी करते हुए कहा है कि नई दिल्ली में पाकिस्तान के उच्चायोग के 2 अधिकारियों को आज भारतीय कानून प्रवर्तन अधिकारियों द्वारा जासूसी गतिविधियों में लिप्त होने के कारण गिरफ्तार किया गया था। सरकार ने उन्हें 24 घंटे के भीतर देश छोड़ने के लिए कहा है।

विदेश मंत्रालय ने बताया कि दोनों को पर्सन नॉन ग्रेटा (अवांछित व्यक्ति) घोषित कर दिया गया है। अब दोनों को 24 घंटे के भीतर भारत छोड़ना होगा।

सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों अधिकारियों ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी की बात कुबूल कर ली है। दोनों अधिकारी गोपनीय दस्तावेज के एवज में उस व्यक्ति को भारतीय मुद्रा के अलावा आईफोन भी दे रहे थे। दोनों के पास फर्जी आधार कार्ड भी बरामद हुए हैं।