newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Crime: दिल्ली की तिहाड़ जेल में सामूहिक खुदकुशी की कोशिश, सभी 5 कैदियों को बचाया गया

तिहाड़ के डीजी संदीप गोयल ने बताया कि घटना की जानकारी है। सभी कैदियों की काउंसिलिंग की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। कैदियों के क्राइम इतिहास के बारे में भी पता किया जा रहा है। ये भी देखा जा रहा है कि उन्होंने पहले क्या इस तरह का कदम उठाया था।

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के तिहाड़ जेल में 5 कैदियों ने सामूहिक खुदकुशी की कोशिश की। जेल स्टाफ को इनके इस कदम का पता चल गया। जिसके बाद सभी को बचा लिया गया। एक कैदी को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में दाखिल कराया गया है। तिहाड़ जेल में पहले भी कैदियों की खुदकुशी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पहली बार ऐसा है कि कैदियों ने सामूहिक तौर पर जान देने की कोशिश की। इस पूरे मामले की जांच हो रही है। तिहाड़ जेल में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। सूत्रों के मुताबिक इन्हीं कैमरों की मदद से कैदियों को जान देने से रोकने में मदद मिली।

tihar jail 2

जेल के सूत्रों के मुताबिक घटना मंगलवार की है। तिहाड़ की जेल नंबर 3 में ये घटना हुई। खुदकुशी की कोशिश के तहत पहले 5 कैदियों ने खुद को तेज धार वाली चीज से घायल किया। इसके बाद इन सभी ने अपने बैरक में फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की। जेल स्टाफ को पता चलते ही उन्होंने दौड़ लगाई और सभी कैदियों को फंदे से नीचे उतारा। माना जा रहा है कि किसी साथी कैदी की ओर से या जेल स्टाफ के उत्पीड़न की वजह से कैदियों ने खुदकुशी की कोशिश की है।

tihar jail 1

इस बारे में एक अखबार ने तिहाड़ के डीजी संदीप गोयल से बात की, तो उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी है। सभी कैदियों की काउंसिलिंग की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। कैदियों के क्राइम इतिहास के बारे में भी पता किया जा रहा है। ये भी देखा जा रहा है कि उन्होंने पहले क्या इस तरह का कदम उठाया था। सभी कैदी वार्ड नंबर 1 के बताए जा रहे हैं। इस घटना के हर पहलू की जेल प्रशासन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाएगा।