newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Lucknow: अब डॉन मुख्तार के साथ अखिलेश यादव के करीबी पर भी योगी सरकार का चला हंटर, हुआ ये एक्शन

जौनपुर नगर पालिका ने जेसीज चौराहे से ओलंदगंज तक अवैध निर्माण हटाए थे। अब उस काम का खर्च संबंधित भवनों के लोगों से लिया जा रहा है। करीब 43 लोगों से 569186 रुपए वसूले जाने हैं। इनमें विधायक लकी यादव का भी अवैध निर्माण था और उसे गिराया गया था।

लखनऊ। यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार ने गुंडे-माफिया और नियम कायदे तोड़ने वालों के खिलाफ अभियान छेड़ रखा है। इसी कड़ी में अब समाजवादी पार्टी यानी सपा के चीफ अखिलेश यादव के एक करीबी और डॉन मुख्तार अंसारी के एक और गुर्गे के खिलाफ कार्रवाई हुई है। पहले आपको बताते हैं कि अखिलेश के किस करीबी पर योगी सरकार का हंटर चला है। इस शख्स का नाम लकी यादव है। लकी यादव जौनपुर की मल्हनी सीट से सपा के विधायक हैं। जौनपुर नगर पालिका ने जेसीज चौराहे से ओलंदगंज तक अवैध निर्माण हटाए थे। अब उस काम का खर्च संबंधित भवनों के लोगों से लिया जा रहा है। करीब 43 लोगों से 569186 रुपए वसूले जाने हैं। इनमें लकी यादव का भी अवैध निर्माण था और उसे गिराया गया था। अब लकी के परिवार से भी अवैध निर्माण तोड़ने के एवज में 10000 रुपए वसूला जाने वाला है।

yogi attack on akhilesh

लकी यादव से पहले सपा के एक और विधायक और उनके रिश्तेदार के अवैध निर्माण को भी योगी सरकार बुलडोजर चलाकर गिरा चुकी है। अखिलेश के करीबी के अलावा डॉन मुख्तार अंसारी के गुर्गे आनंद कुमार यादव की ढाई करोड़ की संपत्ति भी योगी सरकार के प्रशासन ने जब्त कर ली है। मई के परहदा में 14 मई 2018 में आनंद यादव और उसकी पत्नी मीरा के नाम से जमीन खरीदी गई थी। गुरुवार को ही इसकी कुर्की के आदेश जारी हुए थे। जमीन का सर्किल रेट 49 लाख है। जबकि, बाजार कीमत 2.5 करोड़ है। सिटी मजिस्ट्रेट त्रिभुवन कुमार के मुताबिक सरकार की मंशा के हिसाब से अपराधियों और उनकी अवैध कमाई गई अवैध संपत्ति पर कार्रवाई हो रही है।

बता दें कि इससे पहले भी डॉन मुख्तार अंसारी के परिवार और उसके गुर्गों की तमाम जमीनों को कुर्क किया जा चुका है। मुख्तार के कई गुर्गों की संपत्ति पर बुलडोजर भी चल चुका है। इसके अलावा एक और डॉन अतीक अहमद के परिवार की अवैध संपत्ति और उसके भी गुर्गों पर योगी सरकार के दौर में सख्त कार्रवाई हो चुकी है।