अहमदाबाद। भारत में कोरोनावायरस अब बेहद तेजी पकड़ रहा है। लगातार संक्रमण के मामले पहले से भी ज्यादा सामने आ रहे हैं। देश में सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र है। वहीं महाराष्ट्र के पड़ोसी राज्य गुजरात में भी कोरोना अपने चरम पर है। कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए गुजरात के अहमदाबाद में इन दिनों सख्ती से लॉकडाउन का पालन किया जा रहा है।
इस बीच लॉकडाउन के दौरान जब पुलिस ने लोगों को घर से बाहर आने से रोका, तो उन पर पत्थरबाजी की गई। जवाब में पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। पुलिस ने पथराव करने वाले कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। इस घटना में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया।
8 लोग हिरासत में
ये घटना अहमदाबाद की शाहपुर इलाके की है. पुलिस को हंगामा कर पथराव करने वालों पर नियंत्रण करने के लिए आंसूगैस के गोले छोड़ने पड़े। घटना की जानकारी मिलते ही शाहपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस कमिश्नर आशीष भाटिया ने कहा कि अब हालात नियंत्रण में है। इस घटना में एक पुलिस कर्मी घायल हो गया। पत्थरबाजी के बाद 8 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
लॉकडाउन में सख्ती
लॉकडाउन में ढील मिलने के बाद अहमदाबाद में सब्जी और राशन की दुकानें खुली रहती थीं, लेकिन 7 मई से 15 मई तक केवल दवा और दूध की दुकानें खुलेंगी। जैसे ही यह आदेश जारी हुआ, लोग सब्जी, किराने का सामान और दूध खरीदने के लिए दौड़ पड़े। एक साथ भारी संख्या में लोगों के निकलने के कारण सड़क पर ट्रैफिक जाम लग गया और पेट्रोल पंपों पर भी लंबी कतारें लग गईं।